रायपुर। राजधानी में शनिवार को सुबह से तेज धूप निकली और 11 बजे तक तापमानस 29 डिग्री पर पहुंच गया। इस वजह से बादल घिरे और आधे घंटे के भीतर तेज बारिश शुरू हो गई। 15 मिनट में ही आधा सेमी पानी बरस गया। इसके बाद दिनभर बारिश का माहौल रहा लेकिन पानी नहीं बरसा। मौसम विशेषज्ञों ने बताया कि सुबह गर्मी की वजह से कम दबाव का क्षेत्र बन गया। इसलिए बादल घिरे और बारिश हो गई। हवा में नमी ज्यादा है, इसलिए यह सिलसिला जारी रहेगा।
राजधानी में आज सुबह से मौसम साफ था। सुबह गर्मी भी महसूस की गई। इसके बाद घने बादल घिरने लगे और आधा घंटे तक तेज बारिश हुई। दोपहर करीब 1 बजे तक रिमझिम फुहारें पड़ती रहीं। दोपहर के बाद मौसम कुछ खुला जरूर, लेकिन रात तक घने बादल रहे तथा रह-रहकर बारिश का वातावरण बनता रहा। लालपुर मौसम केंद्र के सहायक मौसम विज्ञानी एम गोपाल राव छत्तीसगढ़ के आसपास कोई बड़ा सिस्टम नहीं है। उड़ीसा के दक्षिण-पश्चिम हिस्से में एक चक्रवात था। सुबह यह भी खत्म हो गया। छत्तीसगढ़ में इस वजह से काफी नमी आई थी। इसलिए कम दबाव का क्षेत्र बना तो बारिश हुई। आज दिन में रायपुर के अलावा सिर्फ अंबिकापुर में करीब एक मिलीमीटर बारिश हुई। दुर्ग, राजनांदगांव, जगदलपुर, पेंड्रारोड आदि में एक बूंद नहीं पड़ी।
बौछारों की संभावना : मौसम विज्ञानियों के अनुसार प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। राजधानी में रविवार को बादल छाए रहेंगे। दोपहर में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
आगे की स्लाइड में देखिए राजधानी में रिमझिम बारिश की कुछ चुनंदा तस्वीरें