पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Raipur Railway Station Platform Closed For Seven Days Work For Lift

रायपुर रेलवे स्टेशन पर लिफ्ट लगाने के लिए दो प्लेटफार्म सात दिन रहेंगे बंद

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

रायपुर. रायपुर रेलवे स्टेशन पर अब जल्द ही लिफ्ट लगाने के लिए प्लेटफार्म पर सात दिनों का मेगा ब्लाक लिया जाएगा। इस मेगा ब्लॉक से प्लेटफॉर्म नंबर 2 और 3 पर आने वाली ट्रेनों को दूसरे प्लेटफार्म पर लाया जाएगा। इससे ट्रेनों की टाइमिंग प्रभावित होगी। डीआरएम राजीव सक्सेना ने गुरुवार को स्टेशन का निरीक्षण कर यह फैसला लिया।

रेलवे अफसरों ने बताया कि स्टेशन पर लिफ्ट लगाने के लिए खुदाई करनी है। इसके लिए डीआरएम सक्सेना ने गुरुवार दोपहर 1 बजे स्टेशन का दौरा किया। उनके साथ इंजीनियरिंग और निर्माण विभाग के कई अधिकारी मौजूद थे। निरीक्षण के वक्त दैनिक भास्कर की टीम भी वहां मौजूद थी। डीआरएम ने बताया कि लिफ्ट का काम बिना मेगा ब्लॉक लिए संभव नहीं। इसलिए रेलवे जल्द ही सात दिनों का लगातार मेगा ब्लॉक लेगा। इसकी तैयारियां की जा रही हैं।

ट्रेनों के प्लेटफार्म बदले जाएंगे। दो और तीन नंबर पर आने वाली गाडिय़ां दूसरे प्लेटफार्म पर शिफ्ट होंगी। अफसरों की टीम ने लिफ्ट वाली जगह का बारिकी से निरीक्षण किया। इसके लिए मशीन से 12 फिट गढ्ढ़े की खुदाई होगी। इस दौरान यहां ट्रेनों व यात्रियों का आना-जाना खतरे से खाली नहीं होगा। वहां बेरिकेड्स लगाए जाएंगे।

दो-तीन की ट्रेनें 1 या 1 (ए) पर: प्लेटफॉर्म नंबर 2 और 3 पर लगातार सात दिनों तक ब्लॉक लेने में ढेरों दिक्कतें होंगी। महज इन दोनों प्लेटफार्म से ही रोज 30 ट्रेनें आना-जाना करती हैं। ऐसे में इसके रोक के बाद इन ट्रेनों को केवल प्लेटफॉर्म नंबर-1 या 1 (ए) पर ही लिया जा सकता है। चाहकर भी ट्रेनों को पांच-छह पर नहीं भेजा जा सकता, क्योंकि बिलासपुर की ओर से आने वाली ट्रेनों का क्रॉसिंग सिस्टम पांच-छह प्लेटफॉर्म से जुड़ा नहीं है।

प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर अकेले 35 से भी अधिक ट्रेनें 24 घंटे में आती हैं। अब देखना है कि रेलवे किस योजना व तकनीक के माध्यम से सात दिनों का ब्लॉक देता है।

पांच और छह नंबर पर भी लगेगा लिफ्ट

रायपुर स्टेशन पर तीन लिफ्फ्ट का निर्माण किया जा रहा है। प्लेटफॉर्म नंबर-1 के साथ ही दो-तीन और पांच-छह पर भी लिफ्फ्ट लगेगी। डीआरएम ने बताया कि निशक्तजनों व बुजुर्गों के लिए लिफ्ट का निर्माण किया जा रहा है। प्लेटफॉर्म नंबर 2-3 में लिफ्फ्ट का काम पूरा हो जाने के बाद 5-6 में भी सात दिनों का ब्लॉक दिया जाएगा। इसके लिए भी तैयारी शुरू कर दी गई है। उम्मीद जताई जा रही है कि मार्च के अंतिम सप्ताह तक तीनों ही प्लेटफार्मों पर लिफ्ट लगा दी जाएगी।

सीढ़ी की जगह लिफ्ट
लिफ्ट लगाने के लिए तीनों ही प्लेटफार्मों के एक ओर की सीढिय़ों को तोड़ दिया गया है। सीढिय़ों की जगह पर ही लिफ्ट लगाई जा रही है। रेलवे सूत्रों का मानना है कि निशक्तजनों व बुजुर्गों के लिए स्टेशन पर रैंप का निर्माण किया जाना चाहिए। लिफ्ट के सफल परिचालन पर शंका जताई जा रही है। रेलवे ने इसके लिए बजट पास कर दी है और निर्माण कार्य के लिए ट्रेनों का ब्लॉक देने की तैयारी है।