रायपुर. राजधानी रायपुर से गुरुवार को 11 और 12 साल के दो लड़के गायब हो गए। 24 घंटे तक तलाश करने के बाद परिजनों ने अपहरण की आशंका जताई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों की खोजबीन शुरू कर दी है। बैजनाथपारा निवासी 13 वर्षीय फरहान पिता जाहिद खान और छोटापारा निवासी 12 वर्षीय उबैद पिता अब्दुल रज्जाक खान गुरुवार सुबह 11 बजे से गायब हैं। परिजनों ने पहले तो अपने स्तर पर खोजबीन की। कोई जानकारी नहीं मिलने पर अपहरण की आशंका में आज पुलिस में रिपोर्ट लिखाई। जाहिद खान ने पुलिस को बताया कि उसका फातेशाह मार्केट में वेल्डिंग की दुकान है। 23 तारीख को वह सुबह 10 बजे काम पर चला गया। बेटा घर पर ही था। दोपहर को वह खाना खाने घर पर आया तो उसका लड़का घर में नहीं था। उसने सोचा कि वह खेलने गया होगा। खाना खाकर वह दोबारा दुकान चला गया।
शाम 7 बजे पत्नी का फोन आया कि फरहान और बहन का लड़का उबैद, जो छोटापारा में रहता है, घर नहीं पहुंचे हैं। घर आकर उसने पास-पड़ोस और परिचितों से पूछताछ की। बहन से पूछने पर उसने बताया कि करीब 11 बजे लाल रंग की रेंजर साइकल से दोनों एक साथ निकले और अब तक नहीं लौटे हैं। आशंका है कि कोई व्यक्ति दोनों को ले गया है। पुलिस ने इस आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर लिया है।