रायपुर. उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारियों की लापरवाही की वजह से प्रदेश में एक बार फिर क्रीड़ा अधिकारियों की भर्ती अटक गई है। 22 साल बाद इसकी प्रक्रिया तो शुरू हुई लेकिन विकलांगों के पदों को लेकर नियम स्पष्ट नहीं होने के कारण पीएससी ने विभाग से जानकारी मांगी। इसके बाद फाइल कहां है, अधिकारियों को इसकी जानकारी नहीं है। उच्च शिक्षा आयुक्त पहले दावा कर रहे थे कि फाइल भेज दी गई है लेकिन जब बताया कि पीएससी वाले इनकार कर रहे हैं तो बोले, दिखवाता हूं कहां है। यह स्थिति तब है जब प्रदेश के 160 सरकारी कॉलेजों में से 110 में क्रीड़ा अधिकारी नहीं हैं।
डीबी स्टार टीम ने पड़ताल में पाया कि उच्च शिक्षा विभाग ने क्रीड़ा अधिकारियों की भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के बाद उसे ठंडे बस्ते में डाल दिया। विभाग ने अगस्त में असिस्टेंट प्रोफेसर और क्रीड़ा अधिकारी की भर्ती के लिए अपनी ऑफिशियल वेबसाइट पर सूचना जारी की। असिस्टेंट प्रोफेसर के 966 पद थे तो क्रीड़ा अधिकारी के 57 पद थे। भर्ती के लिए छत्तीसगढ़ पीएससी को लिखा गया।
पीएससी के अधिकारियों ने दस्तावेजों के परीक्षण के बाद अनुमोदन के लिए फाइल उच्च शिक्षा विभाग को वापस की। विभाग ने अनुमोदन कर असिस्टेंट प्रोफेसर के दस्तावेज तो पीएससी को दे दिए लेकिन क्रीड़ा अधिकारी के नहीं। इस आधार पर पीएससी ने 10 सितंबर को असिस्टेंट प्रोफेसर के लिए विज्ञापन जारी कर दिया। वहीं क्रीड़ा अधिकारी की प्रक्रिया रोक दी।
इस दौरान खुलासा हुआ कि भर्ती नियम अस्पष्ट होने के कारण भर्ती में देरी हो रही है। पीएससी ने विभाग से विकलांग और उनके बैकलॉग चार पदों के लिए नियम स्पष्ट करने कहा था। पीएससी सचिव कह रही हैं, जानकारी नहीं आने से विज्ञापन जारी नहीं हुआ। उधर उच्च शिक्षा आयुक्त बीएल अग्रवाल का कहना है कि दस्तावेज उनके पास आए थे, उन्होंने जवाब भेज दिया है।
आचार संहिता में टलेगी भर्ती
पीएससी द्वारा जानकारी मांगने के बाद से आगे की प्रक्रिया बंद है। इससे भर्ती छह महीने के लिए अटक सकती है। दिसंबर में नगरीय निकाय चुनाव होने हैं। इसके लिए 40 दिन पहले आचार संहिता लग जाएगी। इसके बाद जिला पंचायत चुनाव होने हैं। इसके लिए फिर आचार संहिता लगेगी। देरी से भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं हो पाएगी।
57 पदों पर होनी है भर्ती
57 क्रीड़ा अधिकारी की भर्ती होनी है। जिनमें अनारक्षित 15, एससी 04, एसटी 12 और ओबीसी के लिए पांच पद हैं। एसटी- एससी के 21 बैकलॉग पद हैं। सभी वर्ग की महिलाओं के लिए 12 और छह पद बैकलॉग है। नि:शक्तों के लिए दो और बैकलॉग के लिए भी दो पद हैं।
विभाग ने जवाब नहीं दिया है
दस्तावेजों के अनुमोदन के लिए उच्च शिक्षा विभाग को पत्र भेजा गया था। असिस्टेंट प्रोफेसर के दस्तावेज आ गए तो विज्ञापन जारी हुआ। क्रीड़ा अधिकारी के विकलांग कोटे की सीट की जानकारी मांगी थी लेकिन अभी तक जवाब नहीं मिला है।- रीता शांडिल्य, सचिव, छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग
इस संबंध में उच्च शिक्षा विभाग के आयुक्त बीएल अग्रवाल से पूछने पर उन्होंने कुछ यूं जवाब दिया...
- उच्च शिक्षा विभाग की वेबसाइट पर क्रीड़ा अधिकारियों की भर्ती की सूचना दी गई है?
हां, दी गई है।
- असिस्टेंट प्रोफेसर के लिए विज्ञापन जारी हो गया लेकिन क्रीड़ा अधिकारी के लिए नहीं?
इस बारे में पीएससी ही बता पाएगा।
- पीएससी के अधिकारियों का कहना है कि अनुमोदन के लिए दस्तावेज आपके पास भेजे गए थे लेकिन आपने जवाब नहीं दिया?
नहीं, हमने भेज दिया है।
- असिस्टेंट प्रोफेसर के दस्तावेज मिले तो विज्ञापन जारी किया गया?
दिखवा लेता हूं। अगर नहीं गया होगा तो भिजवा देंगे।
- नगरीय निकाय चुनाव के लिए आचार संहिता लगने के बाद आवेदकों को छह महीने इंतजार करना पड़ जाएगा?
नहीं, प्रक्रिया जल्द पूरी कर लेंगे।