पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

चक्कर से मिलेगी मुक्ति, रविवि में एक क्लिक में मिलेगा एडमिशन

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रायपुर. रविवि में एडमिशन लेने के लिए छात्रों को मशक्कत नहीं करनी होगी। छात्र एक क्लिक में अपनी योग्यता के अनुसार मनचाहे विषयों में दाखिला ले सकेंगे। यहां दाखिले की प्रक्रिया ऑनलाइन करने की तैयारी है। अधिकारियों के मुताबिक, इस सत्र से नहीं तो अगले सत्र से हर हाल में यह व्यवस्था लागू कर दी जाएगी। इससे प्रदेश के अलावा बाहर के छात्रों को भी आसानी से प्रवेश मिल सकेगा।
रविवि यह कवायद एडमिशन की प्रक्रिया को दुरुस्त करने के लिए कर रहा है। इससे प्रवेश संबंधी सारी जानकारियां नेट पर उपलब्ध रहेंगी, जहां से छात्र खुद ही सीटों की स्थिति देखकर अपने विषय का चयन कर सकेंगे। इस संबंध में रविवि के कुलसचिव केके चंद्राकर का कहना है कि एडमिशन की ऑनलाइन प्रक्रिया इस साल शुरू होगी या अगले साल से, यह कहना अभी मुश्किल है। हालांकि, इस योजना पर काम शुरू कर दिया गया है।
बाहर के छात्रों को मिलेगा मौका: ऑनलाइन एडमिशन की सुविधा होने से बाहर के छात्र भी आवेदन कर सकेंगे। इस तरह से न सिर्फ बाहर के छात्रों को यहां आसानी से एडमिशन मिल सकेगा, बल्कि रविवि की खाली सीटें भी भर सकेंगी। गौरतलब है कि, साइंस के विभाग को छोड़ दिया जाए तो आर्ट्स में कम संख्या में ही छात्र एडमिशन लेते हैं।
आवेदन होगा आसान
रविवि में एडमिशन लेने के लिए छात्रों को सबसे पहले प्रोस्पेक्टस लेना होता है। इसी में एडमिशन से संबंधित फार्म रहते हैं। फिर फार्म भरकर इसे वापस यूनिवर्सिटी में जमा करना होता है। कई बार दूर-दराज से छात्र आते हैं तो फार्म जमा करने में देर होती है। ऑनलाइन सुविधा होने से छात्र विषय का चयन कर आसानी से फार्म भरकर उसे जमा कर सकेंगे। प्रदेश में अभी गुरु घासीदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी में यह सुविधा है।