रायपुर. देश के नामचीन वैज्ञानिकों से छत्तीसगढ़ के छात्र विज्ञान का पाठ पढ़ेंगे। वे उनसे जानेंगे कि बेसिक साइंस क्या है और इस दिशा में वे किस तरह काम कर सकेंगे? रविवि में 16 से 20 जुलाई तक इंस्पायर कार्यक्रम का आयोजन होगा। इसमें देश के विभिन्न क्षेत्रों से 14 वैज्ञानिक शिरकत करेंगे।
रविवि में स्वर्ण जयंती के साथ इंस्पायर कार्यक्रम की तैयारियां भी शुरू हो गई हैं। इस साल 10वीं पास करने वाले छात्रों को भी कार्यक्रम में शामिल होने का मौका मिलेगा। कुल 200 छात्र पांच दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। जून-2010 से इसकी शुरुआत हुई। इस साल रविवि में कुल 4 इंस्पायर कार्यक्रम हुए। इससे पहले वर्ष-2011 में एक और 2012 में 2 कैंप लगाए गए।
इस तरह से अब तक कुल सात कैंप लग चुके हैं। जिसमें करीब 1400 बच्चों को बेसिक साइंस की जानकारियां दी जा चुकी हैं। इस बार यहां आठवां कैंप होगा। इंस्पायर कार्यक्रम के समन्वयक डॉ. कल्लोल घोष ने बताया कि इस साल दसवीं पास करने वाले छात्रों को भी कैंप में शामिल किया जाएगा। इसके तहत वे छात्र आवेदन कर सकेंगे, जिन्होंने सीजी बोर्ड में 85 फीसदी और सीबीएसई में ए-वन ग्रेड हासिल की हो।
22 जून तक इसके लिए आवेदन भेजा जा सकता है। जो छात्र निर्धारित योग्यता पूरी करते हों, लेकिन किसी वजह से 11वीं में एडमिशन प्रक्रिया में विलंब हो रहा है, वे मार्कशीट की फोटोकॉपी लगाकर आवेदन कर सकते हैं। गौरतलब है कि, बेसिक साइंस के प्रति छात्रों में रुचि पैदा करने के लिए डिपार्टमेंट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी (डीएसटी) के सहयोग से यह कार्यक्रम होता है।
ये वैज्ञानिक करेंगे शिरकत
डिफेंस रिसर्च एंड डेवलपमेंट ग्वालियर के प्रो. एमपी कौशिक, आईआईटी खड़गपुर के प्रो. ताराशंकर पाल, इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस बेंगलुरु के प्रो. उदय मैत्रा, रविवि के रिटायर्ड प्रोफेसर एसजी टंडन, आईआईटी खड़गपुर की डॉ. अंजली पाल, इंडियन एसोसिएशन फॉर द कल्टीवेशन ऑफ साइंस के प्रो. कृष्णनेंदु गुप्ता, एनआईआईटी यूनिवर्सिटी अलवर राजस्थान के प्रो.राजेंद्र कुमार पांडेय, बीएचयू के प्रोफेसर सुरेश चंद्रा, लखनऊ के प्रो. सुनील वाजपेयी, दिल्ली यूनिवर्सिटी के प्रो. मदन मोहन चतुर्वेदी, अगरकर रिसर्च इंस्टीट्यूट पुणो के प्रो. सुरेंद्र घासकादबी, आईआईएसईआर पुणो के प्रो. एलएस शशीधरा, हरीश चंद्रा रिसर्च इंस्टीट्यूट इलाहाबाद के पूर्व कुलपति प्रो. सत्यदेव त्रिपाठी और आईआईटी नई दिल्ली के डॉ. आरके शर्मा छात्रों को विज्ञान की बारीकियों से रू-ब-रू कराएंगे।