रायपुर. टिकरापारा क्षेत्र के पुजारी पार्क के पास निजी बैंक में पैसा जमा करने आए कर्मचारी को ठगों ने एक लाख रुपए देने का झांसा देकर उससे 50 हजार रुपए लेकर फरार हो गए। ठगों ने कर्मचारी को कागज की गड्डी टिकाकर उससे पैसे ऐंठ लिए। पुलिस के सामने ठगी का शिकार युवक बार-बार अपना बयान बदलता रहा। बैंक के सीसीटीवी में आरोपी के चेहरे कैद हो गए हैं।
टिकरापारा एसआई राजेन्द्र कंवर ने बताया कि तेलीबांधा के महावीर नगर स्थित खड़गराज के फॉर्म हाउस में भोग राज पंडित (41) सुपरवाइजर है। सोमवार दोपहर 12 बजे पुजारी पार्क स्थित एक्सिस बैंक में कंपनी के 50 हजार रुपए लेकर आया था। वह पैसा जमा करने के लिए फॉर्म भर रहा था कि तभी उसके पास आकर दो युवक बैठ गए। वे भी फॉर्म भरने का नाटक करने लगे। उसमें से एक युवक ने भोग राज से कहा कि उसे फॉर्म भरना नहीं आता है, वह एक लाख रुपए बैंक में जमा करने आया है। इस पर भोग राज उसका फॉर्म भरने लगा। तभी उस युवक ने कहा कि उसका एक साथी बाहर 50 हजार रुपए लेने आया है और भोग राज को एक लाख रुपए कहकर गड्डियों से भरा कागज में लपेटकर उसे दे दिया। भोग राज से कहा कि आप अपना 50 हजार रुपए दे दीजिए, मैं दो मिनट में आकर आपका पैसा एक लाख रुपए में से दे दूंगा।
इतना कहते हुए उसने विश्वास में लेने के लिए कागज में लपेटे हुए गड्डी में से एक पांच रुपए का नोट भी खींचकर निकाला। इसके बाद भोग राज के बगल में बैठे दोनों युवक चले गए और वापस नहीं आए। भोग राज ने जब देखा तो नोटों की गड्डी में महज कागज की गड्डी थी। इसके बाद उसने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई।