पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

दस बाजार जाएंगे बाहर, शहर को राहत

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रायपुर. लगभग चार साल के इंतजार के बाद आखिरकार शहर के बड़े थोक बाजार का डूमरतराई में शिफ्ट होने का रास्ता साफ हो गया है। नगर निगम और हाउसिंग बोर्ड की 625 दुकानों में 28 सितंबर से शिफ्टिंग शुरू हो जाएगी। शुरुआत में शहर के दस बड़े बाजारों को शिफ्ट किया जाएगा। इसके बाद बाकी के बाजार भी एक-एक कर डूमरतराई में शिफ्ट किए जाएंगे। पहले चरण में जो थोक बाजार शिफ्ट हो रहे हैं, उनके जाने से मालवीय रोड, बंजारी रोड और गुढ़ियारी में ट्रैफिक से परेशान लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
डूमरतराई थोक बाजार का उद्घाटन मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह 28 सितंबर को सुबह 11 बजे करेंगे। व्यापारियों ने एकजुट होकर बाजार का नामकरण सरदार वल्लभ भाई पटेल थोक बाजार कर दिया है। यह शिफ्टिंग कई कारणों से पिछले तीन साल से टल रही थी। पहले चरण में ही जो थोक बाजार बाहर जा रहे हैं, उसका असर शहर के घने व्यावसायिक इलाकों में नजर आएगा। कई सड़कों और बाजारों में ट्रैफिक का दबाव कम होने की उम्मीद है, खासकर बंजारी रोड और मालवीय रोड जैसे इलाकों में, जहां दिन में चार पहिया वाहनों का गुजर पाना ही मुश्किल है।
ये बाजार होंगे शिफ्ट

डूमरतराई में पहले चरण में गुढ़ियारी थोक बाजार, गणेशराम नगर का फुटवेयर कारोबार, गोलबाजार और पेटी लाइन की सभी बर्तन दुकानें, रामसागरपारा के सभी अनाज कारोबारियों की दुकानें, गोलबाजार की मनिहारी दुकानें, फूल चौक नयापारा की होम एप्लायंस की दुकानों, मर्चेंट एसोसिएशन दुकानें, नयापारा की विभिन्न दुकानें और एक दर्जन मोहल्लों में स्थित मनिहारी की दुकानें शिफ्ट कर दी जाएंगी।

इस तरह मिलेगी राहत

दस थोक बाजारों के डूमरतराई में शिफ्ट होने पर रामसागरपारा, नयापारा, गुढ़ियारी, गणेशराम नगर, गोल बाजार, पेटी लाइन समेत की जगहों पर यातायात का दबाव कम हो जाएगा। ट्रैफिक कम होने की वजह से इन क्षेत्रों में हर दिन लगने वाले जाम से लोगों की बड़ी राहत मिल जाएगी। इसका असर शहर के बाकी सड़कों पर भी दिखाई देगा। शहर में स्मूथ ट्रैफिक के लिए यह बड़ी शुरुआत होगी।
दो दिन लगेगा शिविर

डूमरतराई की दुकानों में शिफ्टिंग के लिए दुकानदारों को एनओसी समेत सभी दस्तावेज देने के लिए सोमवार और मंगलवार को डूमरतराई में ही शिविर लगाया जाएगा। इसमें निगम और हाउसिंग बोर्ड के अफसर मौजूद रहेंगे। वे लोगों को बैंक में रकम जमा कराने के लिए चालान भी देंगे।

बाजार पहुंचे अफसर

उद्घाटन समारोह के लिए मुख्यमंत्री से समय मिलने के बाद शनिवार को बारिश के बावजूद कलेक्टर ठाकुर राम सिंह और निगम कमिश्नर अवनीश कुमार शरण ने दुकानों की स्थिति का निरीक्षण किया। चेंबर अध्यक्ष अमर पारवानी, अमर धावना, जितेंद्र बरलोटा समेत चेंबर के कई पदाधिकारी मौजूद थे।

जल्द मिलेंगी सुविधाएं

पीडब्लू मंत्री राजेश मूणत के निर्देश के बाद डूमरतराई में शिफ्ट होने वाले थोक कारोबारियों को तीन महीने के भीतर शहर से आने-जाने के लिए पक्की सड़क, पानी, एटीएम, होटल, पुलिस चौकी, व्यापारी सहायता केंद्र समेत कई सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी।
इसके लिए फिलहाल टेंडर जारी कर दिया गया है।
तीन बार टली शिफ्टिंग
डूमरतराई में थोक बाजार की शिफ्टिंग की तारीख तीन बार टल चुकी थी। तत्कालीन कलेक्टर डॉ. रोहित यादव ने व्यापारियों को वहां भेजने की पहल की थी लेकिन उस वक्त स्टांप शुल्क का मामला सामने आने की वजह से व्यापारी पीछे हट गए। सरकार ने सभी व्यापारियों को स्टांप शुल्क पर छूट दे दी।

कारोबारियों ने दुकानों की रजिस्ट्री तो कराई, लेकिन वहां जाने से इंकार कर दिया। बाद में चेंबर और कैट पदाधिकारियों के बीच बात नहीं बनीं। तीसरी बार दुकानों का निर्माण अधूरा होने पर कारोबारियों ने वहां जाने से इंकार कर दिया था।
अभी यह स्थिति
डूमरतराई में कुल दुकानें 625
नगर निगम ने बनाई 180
हाउसिंग बोर्ड ने बनाईं 445
दुकानों की कीमत 9 से 27 लाख
योजना की शुरुआत 2010 में
काम पूरा होना था 2011 में
शिफ्टिंग में विलंब 3 साल