रायपुर। भाजपा ने प्रदेश के सभी दस नगर निगमों के लिए महापौर पद के प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। वहीं कांग्रेस ने बिलासपुर छोड़ नौ प्रत्याशी घोषित किए हैं। राजधानी में कांग्रेस के प्रमोद दुबे के मुकाबले देर रात भाजपा ने सच्चिदानंद उपासने को प्रत्याशी बनाया है। दुर्ग में कांग्रेस की नीलू ठाकुर का मुकाबला भाजपा की चंद्रिका चंद्राकर से होगा। वहीं राजनांदगांव में कांग्रेस के विजय पांडेय की टक्कर भाजपा के मधुसूदन यादव से होगी। जगदलपुर के कांग्रेस प्रत्याशी मलकीत सिंह गैदू का जाति प्रमाणपत्र कोर्ट से निरस्त होने की खबर ने उनकी दावेदारी पर सवाल खड़ा कर दिया है। धमतरी में हंगामे के बाद दो घंटे में भाजपा ने सुमिता पंजवानी की जगह अर्चना चौबे को टिकट दे दिया है। लंबे मंथन के बाद प्रदेश कांग्रेस ने 10 में से नौ नगर निगमों के प्रत्याशियों की घोषणा की।
पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की पसंद का ख्याल रखा गया। राजनांदगांव से विजय पांडेय और जगदलपुर से मलकीत सिंह गैदू को प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल की पसंद बताया जा रहा है। पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. चरणदास महंत ने समर्थक रेणु अग्रवाल को कोरबा से टिकट दिलाया है। चिरमिरी के मोहम्मद इमाम महंत के साथ नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव की पसंद हैं। सिंहदेव ने अंबिकापुर से डॉ. अजय तिर्की को टिकट दिलाई है। रायपुर में प्रमोद चौबे को पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी के साथ सभी नेताओं की पसंद बताया जा रहा है। राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष मोतीलाल वोरा ने दुर्ग में अपने समर्थक नीलू ठाकुर को टिकट दिलाया है।
भाजपा ने रायपुर के साथ ही अन्य नगर निगमों के उम्मीदवार तय किए गए हैं। जिला एवं संभागीय समितियों में नाम फाइनल नहीं हो सके। इस वजह से आधी रात बाद प्रदेश चुनाव समिति की बैठक हुई। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की मौजूदगी में लंबे विचार-विमर्श के बाद महापौर उम्मीदवारों के नामों पर मुहर लगाई गई। रायपुर के लिए सुनील
सोनी, सच्चिदानंद उपासने और संजय श्रीवास्तव के नामों पर प्रमुखता से विचार विमर्श किया गया। संभागीय समिति में उलझन के बाद ही प्रदेश चुनाव समिति में अंतिम निर्णय लिया गया। प्रदेश अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने शनिवार को प्रत्याशियों की सूची जारी की।
दुर्ग
कांग्रेस : नीलू ठाकुर - 49 वर्ष। बीकाम, एलएलबी। महिला कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष। सरोज पांडे के खिलाफ निर्दलीय चुनाव लड़ी थीं। मुद्दों को बेहतर तरीके से समझाने की क्षमता। राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष मोतीलाल वोरा के खास समर्थकों में गिनी जाती हैं।
भाजपा: चंद्रिका चंद्राकर - 57 वर्ष, मैट्रिक, वर्तमान में महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष, समाजसेवा से जुड़ी।
कांग्रेस से बिलासपुर का टिकट फाइनल नहीं
सच्चिदानंद उपासने (बीजेपी)
57 वर्ष, बीकाॅम, पेशे से वकील, 19 महीने आपातकाल में जेल में रहे। एबीवीपी, जनसंघ, जनता पार्टी, भाजपा में कई पदों पर रहे। ब्रेवरेज कार्पोरेशन के चेयरमैन भी रहे। कई संस्थाओं से जुड़े हैं।
इसलिए मिला टिकट
- विधानसभा चुनाव में टिकट से वंचित थे।
- संगठन के कामों में लगातार सक्रिय।
- आरएसएस का ठोस समर्थन।
प्रमोद दुबे (कांग्रेस)
48 वर्ष। बीजे, एमए। छात्र राजनीति से निकले हैं। रविवि के अध्यक्ष व तीन बार पार्षद रहे हैं। चेंबर ऑफ कॉमर्स और बस परिवहन संघ से जुड़े हैं। निगम में एमआईसी मेंबर। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता हैं।
इसलिए मिला टिकट
- रायपुर शहर में लगातार सक्रिय।
- दूसरे दावेदारों से बेहतर छवि।
- विवादों से दूर रहकर राजनीति।
आगे की स्लाइड में पढ़ें बाकी जिलों के महापौर प्रत्याशी की सूची