रायपुर । समता कालोनी में एक करोड़ की सनसनीखेज चोरी करने वाले मेरठ गैंग की जुबां पर शहर की सभी पॉश कालोनियों का नाम है। उन्हें मालूम है कौन सी कालोनी कहां है? पुलिस को खुद चोर लेकर गए कि उन्होंने पिछले साल कहां-कहां चोरियां की है। उन्हें वह घर तक याद था जहां का ताला तोड़कर घुसे थे। पुलिस रिमांड के दौरान उन्होंने पिछले साल शहर की 13 कालोनियों में 20 लाख की चोरी करना कुबूल किया। सोमवार को आठ दिन की रिमांड खत्म होने पर उन्हें कोर्ट में पेश किया। 16 दिसंबर तक उन्हें दोबारा रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने कोर्ट के समक्ष हाजिर होकर मो. इमरान, राशिद और शहनवाज रिमांड बढ़ाने की अर्जी दी। उनका कहना था कि आरोपियों ने पिछले साल से लेकर अब तक कई चोरियां की है। उनसे कई मामलों में पूछताछ करनी बाकी है। मेरठ गैंग के बाकी सदस्यों की गिरफ्तारी भी बाकी है। पुलिस रिमांड में ही उनसे साथियों का क्लू मालूम किया जा सकेगा। कोर्ट ने उनके तर्क को मानते हुए रिमांड की अवधि बढ़ा दी। अभी तक की पूछताछ में तीनों आरोपियों राजधानी में 12 और भिलाई में की गई एक चोरी करना स्वीकार किया। तेलीबांधा, देवेन्द्रनगर, न्यू शांति नगर, कबीर नगर, टैगोर नगर, टिकरापारा, मोवा और खमतराई इलाके के सूने मकानों में उन्होंने चोरियां करना स्वीकार किया।
क्या किया और कैसे पकड़ा गया मेरठ का गैंग
समता कॉलोनी में 27 नवंबर की दोपहर विजय अग्रवाल घर के चैनल गेट में ताला लगा देखकर चोरों के गिरोह ने सेंध लगाई। आलमारी में रखे 70 लाख नगद और तीस लाख से ज्यादा के जेवर लेकर फरार हो गए थे। वारदात के बाद भाग रहे चोर कॉलोनी के एक मकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में नजर आ गए। इसी आधार पर पुलिस ने पड़ताल की और हुलिए स्पष्ट होने के बाद उनके लोकेशन के बारे में पता लगाया और उन्हें ट्रेन में ही गिरफ्तार कर लिया।
पिछले साल कब, कहां दिया घटना को अंजाम
घटना दिनांक प्रार्थी-जगह चोरी रकम
29 जुलाई 2013 विजय गोयल (देवेंद्रनगर)- 3,02500 रु.
19 सितंबर 2013 रमेश ओसवाल (देवेंद्रनगर)- 1,95000 रु.
20 सितंबर 2013 पुष्पा ठगे (न्यू शांति नगर)- 1,52000 रु.
30 अक्टूबर 2013 एसके छाबड़ा (अवंति विहार)- 2,35000 रु.
31 अक्टूबर 2013 राकेश कुमार राय (पुरैना)- 1,65000 रु.
31 अक्टूबर 2013 प्रवीण अग्रवाल (कबीर नगर) - 15 हजार रु.
12 नवंबर 2013 रमेश राव (अवंति विहार)- 3,50000 रु.
27 नवंबर 2013 राहुल खंडेलवाल (आमानाका)- 1,50000 रु.
22 फरवरी 2014 ए मीनाक्षी राव (नेहरू नगर, भिलाई), दो लाख रु.
22 फरवरी 2014 यूएस ठाकुर (टैगोर नगर)- 35 हजार रु.
23 फरवरी 2014 मो. अयुब खान (मोती नगर)- 1,70000 रु..
24 फरवरी 2014 सुलोचना मोरड़िया (मोवा)- 1,63000 रु.
24 फरवरी 2014 ससीम चक्रवर्ती (शिवानंद नगर)- 52 हजार रु.