रायपुर. राजधानी में शुक्रवार को इस सीजन का सबसे गर्म दिन गुजरा। पारा पहली बार 45 डिग्री के पार चला गया। सुबह से देर शाम तक गर्म हवाओं के थपेड़े लोगों को परेशान करते रहे। हालांकि, राजधानी पिछले तीन दिनों से भीषण गर्मी की चपेट में है, लेकिन शुक्रवार को तपिश ने बेहाल कर दिया।
मौसम विज्ञानियों ने आशंका जताई है कि आगामी एक-दो दिन में पारा चढ़ने से गर्मी और बढ़ेगी। रायपुर सहित प्रदेश के इलाकों में भीषण गर्मी पड़ी। रायपुर के माना और बिलासपुर में पारा 46 डिग्री के करीब पहुंच गया। राजधानी में भी तापमान गुरुवार से 0.3 डिग्री बढ़कर 45.2 डिग्री पर पहुंच गया।
सुबह से लपट चलने लगी। दोपहर होते-होते हालात ऐसे हो गए कि शहर की प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक नहीं के बराबर हो गया। कई सड़कें तो ऐसी हो गई कि वहां इक्का-दुक्का लोग ही नजर आ रहे थे। घर से निकलना जिन लोगों के लिए मजबूरी थी, वे चेहरे के साथ-साथ हाथ-पैर ढंककर ही बाहर निकल रहे थे। शाम 5 बजे के बाद तक धूप दोपहर जैसी तपिश दे रही थी। सूरज ढलने के बाद तपिश तो कम हुई लेकिन लोगों को गर्म हवाओं से निजात नहीं मिली।
रेगिस्तानी हवाओं ने बढ़ाई गर्मी
लालपुर मौसम केंद्र के मौसम विज्ञानी गोपाल राव ने बताया कि हवाओं की दिशा पश्चिमी होते जा रही है। रेगिस्तान की ओर से आ रही गर्म हवाओं के कारण पारा लगातार चढ़ रहा है। शुक्रवार को मुख्य रूप से उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ लू की चपेट में रहा।
मई की शुरुआत से ही दिखे तेवर
अप्रैल के आखिरी सप्ताह में काफी तेज गर्मी पड़ने के बाद मई की शुरुआत भी ऐसी ही रही। एक मई को राजधानी में तापमान 43.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। प्रदेश में इस दिन सबसे ज्यादा गर्मी बिलासपुर में रही। यहां का तापमान 44.3 डिग्री पर रहा। इसके बाद हवाओं की दिशा दक्षिणी होने से नमीयुक्त हवा आने से तापमान कुछ कम हो गया था।
10 जून से नवतपा
ज्योतिषविद पं. प्रियाशरण त्रिपाठी के अनुसार इस साल 10 जून से नवतपा शुरू हो रहा है। यह 20 जून तक रहेगा। नवतपा में बारिश नहीं होने पर मानसून अच्छा रहता है। ज्योतिष गणना के 27 नक्षत्र होते हैं। नवतपा में बारिश होने पर 27 में से 10 नक्षत्रों में बारिश नहीं होती। ऐसी स्थिति में अकाल के हालात बनते हैं। हालांकि, पिछले कुछ सालों में नवतपा के समय बारिश की स्थिति बनी है।
किस तारीख को सबसे ज्यादा गर्मी
साल तारीख तापमान
2012 27 मई 46.3
2011 26 मई 43.8
2010 13 मई 45.8
2009 02 मई 46.1
2008 02 मई 43.9
2007 12 मई 43.9
2006 13 मई 44.2
2005 24 मई 46.3
2004 20 मई 44.1
2003 22 मई 45.6