पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

रास्ते में दूरंतो समेत तीन ट्रेनें ढाई घंटे ठहरी रहीं, लोग हुए परेशान

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
बिलासपुर / रायगढ़. मवेशी कट जाने (कैटल रन ओवर) से दूरंतो एक्सप्रेस के इंजन में ऐसी खराबी आई कि ट्रेन रायगढ़ स्टेशन के करीब ढाई घंटे तक ठहरी रही। डाउन लाइन पर मालदा टाउन और साउथ बिहार एक्सप्रेस को बीच रास्ते में एक से दो घंटे तक कंट्रोल कर रखा गया।
मुंबई से हावड़ा जाने वाली दूरंतो एक्सप्रेस बिलासपुर से सुबह 10 बजे के करीब रवाना हुई। यह ट्रेन खरसिया स्टेशन से रायगढ़ की ओर बढ़ रही थी, तभी चक्रधर स्टेशन के पास इंजन के सामने गाय आ गई। दो गायें ट्रेन की चपेट में आ गईं। इसके कारण ट्रेन सुबह 11:40 बजे से दोपहर 1:55 बजे तक रायगढ़ में ही ठहरी रही। इधर, दूरंतो के पीछे मालदा टाउन एक्सप्रेस चल रही थी। इसे रायगढ़ के पहले 12:15 बजे से कंट्रोल किया गया। साउथ बिहार एक्सप्रेस को भी सेक्शन में दोपहर 1:30 बजे से कंट्रोल किया गया।
दूरंतो एक्सप्रेस के रवाना होने के बाद मालदा टाउन एक्सप्रेस दोपहर 2:20 बजे मौके से रवाना हुई। इसी तरह साउथ बिहार एक्सप्रेस दोपहर 2:35 बजे आगे बढ़ सकी। साफ है कि मंगलवार को रायगढ़ सेक्शन के डाउन लाइन पर रेल यातायात ढाई घंटे तक ठप रहा।