(कांग्रेस भवन में देर रात जब हंगामा बढ़ गया तो मोहम्मद अकबर वहां पहुंचे और दोनों पक्षों को शांत कराया।)
रायपुर । कांग्रेस भवन में नगरीय निकाय के टिकट तय करने के लिए चल रही बैठकों के बीच शुक्रवार को आधी रात हंगामा हो गया। भीतर बैठक चल रही थी, तभी बिलासपुर से आए कांग्रेस नेताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी को लेकर गालीगलौज शुरू कर दिया। जोगी समर्थकों ने जैसे ही गालियां सुनीं, वे भी आपे से बाहर हो गए तथा दोनों पक्षों में मारपीट की नौबत आ गई।
इसी दौरान बाहर आए प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल को निशाना बनाकर किसी जोगी समर्थक ने कुर्सी फेंकी। इससे तनाव और बढ़ गया तथा दोनों पक्षों में जमकर गालीगलौज और झूमाझटकी चली। विवाद बढ़ने लगा तो किसी की सूचना पर काफी फोर्स मौके पर पहुंच गई। तब जाकर मामला शांत हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बैठक के दौरान प्रदेश अध्यक्ष भूपेश पार्टी के राष्ट्रीय सचिव भक्तचरण दास के साथ कुछ देर के लिए बाहर निकले थे, तब विवाद शुरू हुआ।
दरअसल बिलासपुर में महापौर के उम्मीदवार को लेकर सुबह से खासी तनातनी सुबह से चल रही थी। सूत्रों के अनुसार भूपेश बिलासपुर में रामशरण यादव को टिकट देने के पक्ष में थे, जबकि जोगी विष्णु यादव के नाम पर मुहर लगवाना चाहते थे। तनाव चल ही रहा था कि बिलासपुर से अटल श्रीवास्तव, राजेंद्र शुक्ला, अभयनारायण राय तथा समर्थक पहुंच गए। अटल को भूपेश का समर्थक माना जाता है। भूपेश बाहर आकर अटल और समर्थकों से बातचीत कर ही रहे थे, तभी वहां मौजूद किसी कांग्रेसी ने जोगी को लेकर कथित तौर पर गालीगलौज शुरू कर दी।
उस वक्त कांग्रेस भवन के गलियारे के बाहर जोगी समर्थक योगेश तिवारी, विनोद तिवारी और सुबोध हरितवाल तथा साथी खड़े थे। गालीगलौज सुनते ही जोगी समर्थक भड़क गए और हुड़दंग शुरू हो गया। उस वक्त भूपेश तथा बिलासपुर के समर्थक कांग्रेस भवन के गलियारे में थे और जोगी समर्थक चैनल गेट से बाहर। बवाल बढ़ा तो भूपेश कांग्रेस भवन के भीतर जाने लगे। इसी दौरान जोगी गुट की ओर से भूपेश के सामने दो कुर्सियां उछाल दी गईं। ये कुर्सियां बरामदे में गिरीं तो बिलासपुर के कांग्रेसियों ने दोनों कुर्सियां वापस जोगी गुट की तरफ उछाल दीं और फिर दोनों गुटों में जमकर गालीगलौज शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों पक्षों में कई बार धक्का-मुक्की तथा मारपीट की नौबत आती रही।
भूपेश के सामने कुर्सी उछालने की खबर कांग्रेस भवन में बैठे नेताओं में फैली तो पूर्व मंत्री मोहम्मद अकबर बाहर निकले। उन्होंने बुरी तरह उलझे दोनों गुटों के लोगों को समझाने की कोशिश की। इस दौरान वहां अकबर के समर्थक मौजूद थे। अकबर को देखकर समर्थक भी लपके और दोनों पक्षों में झड़प होने लगी। इस बीच मौके पर पुलिस पहुंच गई। तब तक अकबर और समर्थक दोनों पक्षों को अलग कर चुके थे। बचे हुए लोगों को पुलिस ने अलग किया और कांग्रेस भवन से बाहर भेजा।
टिकट के लिए विवाद
कांग्रेस के जानकार लोगों का कहना है कि प्रदेश के प्रमुख नगर निगमों में किसी भी भूपेश समर्थक का मेयर का टिकट फाइनल नहीं हो सका है। दुर्ग से वोरा समर्थक, अंबिकापुर से टीएस सिंहदेव समर्थक, कोरबा से चरणदास महंत समर्थक तथा रायपुर-बिलासपुर में अजीत जोगी के समर्थकों के टिकट पर लगभग मुहर लग चुकी है। इसीलिए भूपेश समर्थक नाराज थे और वे चाहते थे कि कम से कम बिलासपुर में उनके प्रत्याशी को टिकट मिले। झगड़े की जड़ यही बताई जा रही है।
उम्मीदवारों को देंगे बी-फॉर्म
कांग्रेस भवन के हंगामे के बाद प्रभारी महासचिव गिरीश देवांगन ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया कि प्रदेश की सभी सीटों पर फैसला हो गया है। चुनाव समिति की बैठक खत्म कर दी गई है। अब उम्मीदवारों को बी फॉर्म जारी कर दिए जाएंगे।
प्रदेश भाजपा में भी जबर्दस्त खींचतान, आधी रात मुख्यमंत्री पार्टी दफ्तर पहुंचे
प्रदेश भाजपा कार्यालय में निकायों के अध्यक्ष और पार्षद प्रत्याशियों के लिए विभिन्न कमेटियों की बैठक हुई। कई निकायों के नाम फाइनल करने में पदाधिकारियों को मशक्कत करनी पड़ी। यहां तक कि जिला और संभागीय कमेटियों में नाम फाइनल नहीं होने की दशा में प्रदेश चुनाव समिति में नाम भेजे गए। कहा जा रहा है कि खींचतान के चलते ही आधी रात मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह को पार्टी दफ्तर जाना पड़ा। जिला समितियों में पार्षद प्रत्याशियों के नामों पर विचार विमर्श किया गया। धमतरी और दुर्ग समेत जिन निकायों में ज्यादा विवाद नहीं था वहां के पार्षद प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए गए। नगर निगमों के महापौर प्रत्याशियों के नाम तय करने के लिए आधी रात को प्रदेश के पदाधिकारियों के साथ मुख्यमंत्री की अलग से बैठक हुई। कहा जा रहा है कि रायपुर नगर निगम के महापौर प्रत्याशी के लिए नेताओं के बीच जमकर खींचतान हुई। बाद में मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप के बाद ही प्रक्रिया आगे बढ़ पाई।
कांग्रेस के संभावित महापौर प्रत्याशी
रायपुर - प्रमोद दुबे
अंबिकापुर - डॉ. अजय तिर्की
दुर्ग - सत्यवती वर्मा
बिलासपुर - रामशरण यादव
राजनांदगांव - विजय पांडे
जगदलपुर - मलकीत सिंह गैंदू
कोरबा - रेणु अग्रवाल
रायगढ़ - जेठूराम मनहर
चिरमिरी - डमरु रेड्डी
धमतरी - सरिता दोषी