भिलाई. रायगढ़. रायपुर. आरटीओ में सालों से अवैध तरीके से चल रहा टोकन सिस्टम बंद हो गया है। उड़नदस्ता टीम में ठेके के कर्मचारी भी नदारद हो गए हैं। एडिशनल ट्रांसपोर्ट कमिश्नर एच के राठौर ने स्पष्ट किया कि टोकन सिस्टम बंद करने के निर्देश वे शुक्रवार को ही जारी कर चुके हैं। राजनांदगांव में मुख्यमंत्री रमन सिंह ने भी शनिवार को कहा कि आरटीओ में टोकन जैसे किसी सिस्टम को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
भास्कर ने शुक्रवार और शनिवार को खबरें प्रकाशित कर बताया था कि आरटीओ में धड़ल्ले से टोकन सिस्टम से वसूली चल रही है। इसे कोई और नहीं, उड़नदस्ता का अमला ही भाड़े के गुर्गों और फ्रेंचाइजी देकर ऑपरेट कर रहा था। आज भास्कर टीम दुर्ग, भिलाई, बालौद, रायपुर और राजनांदगांव और रायगढ़ के कई चेक पोस्ट गई। रायगढ़ को छोड़कर सभी जगह नजारे बदले हुए थे। सब कुछ नियम-कायदे के अनुसार होता दिखा।
फर्जी कार्यालय भी बंद : दुर्ग के न्यू आदर्श नगर स्थित उड़नदस्ता का फर्जी ऑफिस बंद हो गया है। अब आरटीओ कार्यालय के कमरा नं. 19 में ऑफिस संचालित होगा। शनिवार को ही आरटीओ ने फर्जी ऑफिस में ताला जड़ दिया और अपना सारा सामान आरटीओ दफ्तर में शिफ्ट भी कर लिया।
आठ अगस्त को छापामार कार्रवाई में इस फर्जी कार्यालय का पता चला था। इसे आरटीओ के ही कर्मचारी संचालित कर रहे थे। वहां भारी संख्या में टोकन भी मिले थे। कार्रवाई के बाद रीजनल ट्रांसपोर्ट इंस्पेक्टर विजय कुमार निकुंज और उड़नदस्ता अमले की पूरी टीम को बदल दिया गया था।
वर्जन
प्रदेश भर में टोकन बंद है। अगर ऐसा करता कोई पाया गया तो तत्काल सस्पेंड कर दिया जाएगा। निर्देश दिया गया है। यह लागू भी हो गया है। आप चेकपोस्ट का निरीक्षण कर लो। - एच के राठौर, एडिशनल ट्रांसपोर्ट कमिश्नर, छग शासन
चेकपोस्ट और बैरियर पर टोकन की व्यवस्था बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अगर ऐसा चल रहा है तो निश्चित रूप से लगाम लगाएंगे। दोषियों पर कार्रवाई भी होगी। - रमन सिंह सीएम
सभी बाहरी लोगों को हटा दिया गया है। कोई भी काम करता पाया गया तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसा उच्च अधिकारियों ने निर्देश दिया है। दुर्ग में उडऩदस्ता कार्यालय अब आरटीओ भवन के 19 नंबर कमरे से संचालित होगा। - असीम माथुर, दुर्ग उड़नदस्ता प्रभारी
रायगढ़ में न अवैध वसूली बंद हुई और न ही दफ्तर
रायगढ़ में न टोकन सिस्टम बंद हुआ और न ही उगाही करते बाहरी कर्मचारी ही हटाए गए। कोतरा रोड सुभाष नगर स्थित एमआईजी के 5 नंबर कमरे में अघोषित रूप से चलाए जा रहे आरटीओ उड़नदस्ता का दफ्तर भी बंद नहीं हुआ। कोसमनारा स्थित जिले के अन्य पांच जगहों पर लगने वाले अघोषित चेक पोस्ट्स पर भी उगाही जारी थी। शनिवार को यह सब खुद भास्कर संवाददाता ने देखा। जब यह बात परिवहन विभाग के ज्वाइंट सेक्रेटरी रवि शंकर को बताई गई तो उन्होंने मानने से ही इनकार कर दिया।