(डेमाे फोटो)
रायपुर। भाजपा सरकार के 11 साल पूरा होने के मौके पर साइंस कालेज में आयोजित कार्यक्रम के कारण शहर का ट्रैफिक शुक्रवार को दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक प्रभावित रहेगा। कार्यक्रम में भाजपा अध्यक्ष
अमित शाह के शामिल होंगे। सम्मेलन में शामिल होने के लिए राज्य के अलग-अलग जिलों से आने वाली गाड़ियों के लिए अलग रुट और पार्किंग तय की गई है। माना वीआईपी रोड दोपहर साढ़े 12 से करीब डेढ़ बजे तक एक घंटे बंद रहेगी। इस दौरान माना एयरपोर्ट जाने वालों को नई राजधानी वाले रास्ते से जाना होगा। ट्रैफिक पुलिस ने शहर में कहीं भी रास्ता बंद न करने का फैसला किया है।
केवल भाजपा अध्यक्ष अमित शाह जिस समय एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना होंगे, उसी दौरान रास्तों को 10-15 मिनट के लिए बंद किया जाएगा। हालांकि उनके काफिले को भी जीई रोड पर नहीं लाया जाएगा। रिंग से होकर उनका काफिला डीडीनगर गोल चौक पहुंचेगा। वहां से सभी वीआईपी गाड़ियों को साइंस कॉलेज मैदान के लिए डायवर्ट किया जाएगा। इस दौरान रिंग रोड का ट्रैफिक भी डायवर्ट किया जाएगा। कार्यक्रम में शामिल होने के अलग-अलग शहरों से आने वालों के लिए रास्ते तय किए गए हैं।
कार्यक्रम के लिए कहां से आने वाले, कहां जाएंगे
भिलाई-दुर्ग : इस ओर से आने वाले वाहन टाटीबंध चौक, महोबाबाजार, आमानाका ओवरब्रिज से होकर रविवि गेट से प्रवेश कर विवि प्रशासनिक भवन के पीछे से एनसीसी ग्राउंड पहुंचेंगे। यहां उन्हें गाड़ियां पार्किंग में गाड़ी रखकर पैदल कार्यक्रम स्थल जाना होगा।
बिलासपुर : बिलासपुर रोड से आने वाले सभी वाहन धनेली नाका, भनपुरी तिराहा से रिंग रोड-2 होकर टाटीबंध चौक, आमानाका ओवरब्रिज से विवि गेट से प्रवेश होकर एनसीसी ग्राउंड पार्किंग पहुंचेंगे। गाड़ियां यहीं पार्क करनी होगी।
बलौदाबाजार: इस रूट से आने वाले वाहन विधानसभा चौक से रिंग रोड-3, धनेली नाका भनपुरी तिराहा, रिंग रोड-2 होकर टाटीबंध चौक, आमानाका ओवरब्रिज से होकर एनआईटी गेट से होकर कैंपस पहुंचेंगे। इसी परिसर में गाड़ियां पार्क करनी होगी। उसके बाद पैदल जाना होगा।
धमतरी-महासमुंद : धमतरी से आने वाले धमतरी मुख्य मार्ग से होकर पचपेड़ी नाका चौक, रिंग रोड 1, रायपुर चौक, टाटीबंध चौक, आमानाका ओवरब्रिज होकर एनआईटी कैंपस पहुंचेंगे। महासमुंद रूट से आने वाले तेलीबांधा थाने के पास से रिंग रोड-1, पचपेड़ी नाका ओवरब्रिज, रायपुरा चौक, टाटीबंध चौक, आमानाका ओवरब्रिज से होकर एनआईटी पार्किंग पहुंचेंगे।