रायपुर. छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस में रायपुर से बिलासपुर जा रही दो महिलाओं ने टीटीई पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए 650 रुपए वसूलने और भाटापारा में ट्रेन से उतार देने का आरोप लगाते हुए बिलासपुर रेल पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज करा दी है। एफआईआर में महिलाओं ने कहा कि रकम जुर्माने के तौर पर वसूली गई थी, लेकिन जब उन्होंने रसीद मांगी तो टीटीई ने धक्के देकर ट्रेन से उतरवा दिया। बिलासपुर जीआरपी ने टीटीई के खिलाफ केस रजिस्टर कर मामला जांच के लिए रायपुर जीआरपी थाने को भेज दिया है।
रेल पुलिस के अनुसार मधु निराला और उषा सागर नाम की महिलाएं शनिवार की सुबह 10 बजे छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस में रायपुर स्टेशन से स्लीपर बोगी में सवार हुईं। ट्रेन छूटने के कुछ देर बाद रायपुर मंडल के कॉमर्शियल इंस्पेक्टर सीआई टी नाग उनके पास पहुंचे और जनरल टिकट होने की वजह से 650 रुपए का जुर्माना किया।
महिलाओं ने सहयात्री से उधार लेकर जुर्माने की रकम दी। महिलाओं का आरोप है कि जब उन्होंने रसीद मांगी, तब टीटीई ने दुर्व्यवहार किया और भाटापारा में दोनों को उतरवा दिया। दोनों किसी तरह बिलासपुर पहुंचीं और रेलवे की शिकायत पुस्तिका में शिकायत दर्ज की। इसके बाद दोनों ने जीआरपी बिलासपुर में मामला दर्ज कराया।