रायपुर. डेयरी कारोबार के नाम पर रकम दोगुना करने का लालच देने वाली एक चिटफंड कंपनी एचबीएन के खिलाफ प्रदर्शन हो गया। युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने आज दो दर्जन से ज्यादा निवेशकों के साथ कंपनी के दफ्तर में जाकर हंगामा मचाया। निवेशकों का आरोप है कि कंपनी ने कुछ सालों में ही रकम दोगुना करने का झांसा देकर लाखों रुपए का निवेश करवाया था।
पर समय पूरा होने के बाद निवेश की रकम लौटाने में आनाकानी की जा रही है। प्रदर्शन के दौरान कंपनी के शाखा प्रबंधक को भी बुलाने की कोशिश की गई, लेकिन वे लोगों के सामने नहीं आए। कंपनी के खिलाफ एसपी से भी शिकायत की गई है।
हरियाणा की कंपनी एचबीएन डेयरी ने राजेंद्र नगर में एक दफ्तर खोला है। युकां नेता सुनील कुकरेजा ने बताया कि इसमें बैंक की तरह कामकाज किया जा रहा है। लोगों से रकम जमा करवाने के बाद उन्हें एक पावती दी जाती है। बैंक के अधिकारी लोगों को दो और पांच साल में रकम दोगुना करने का दावा करते हैं। प्रदर्शन के दौरान कंपनी के दफ्तर में ही रकम वापस नहीं करने की शिकायत की।
प्रदर्शनकारियों के साथ युवा कांग्रेसियों ने कंपनी के खिलाफ राजेंद्र नगर थाने में शिकायत भी दर्ज कराई। पुलिस ने एक हफ्ते में कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया। प्रदर्शन में शामिल मिलिंद गौतम, सागर दुल्हानी, मनोज हिंदूजा और सोमा ठाकुर ने बताया कि कंपनी भारतीय रिजर्व बैंक में भी इस तरह के कामकाज के लिए रजिस्टर्ड नहीं है।
इधर दूसरी ओर युवा कांग्रेस के दिलीप सिंह चौहान के नेतृत्व में युवाओं ने चिटफंड कंपनियों के खिलाफ एसपी को ज्ञापन भी सौंपा। उन्होंने एचबीएन कंपनी के कारोबार की शिकायत एसपी ओपी पाल से की। इस दौरान शेख शकील, मोहम्मद अजहर, मोहन साहू, इमरान खान, मुकेश कुर्रे आदि उपस्थित थे।