पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंरायपुर. राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस उम्मीदवार मोतीलाल वोरा और भाजपा के रणविजय सिंह जूदेव की जीत की घोषणा भर बाकी है जो 31 जनवरी को की जाएगी। दोनों नेताओं के अलावा किसी ने भी नामांकन फार्म नहीं भरा है। वोरा और रणविजय ने प्रदेश की जनता से वादा किया है कि वे राज्यसभा में छत्तीसगढ़ से जुड़े मामले प्रमुखता से उठाएंगे।
विधानसभा में मंगलवार को वोरा और रणविजय ने अपनी-अपनी पार्टी के आला नेताओं की मौजूदगी में नामजदगी के पर्चे भरे। रणविजय के साथ मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, मंत्री बृजमोहन अग्रवाल व अजय चंद्राकर समेत पार्टी व संगठन के नेता थे। वोरा के साथ केंद्रीय मंत्री डॉ. चरणदास महंत, प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव और अन्य नेताओं का हुजूम था। भाजपा व कांग्रेस के कई विधायक भी विधानसभा पहुंचे थे।
पहले रणविजय ने 11.40 बजे पर्चा भरा। फिर वोरा समर्थकों के साथ पहुंचे। दोनों प्रत्याशियों ने तीन-तीन फार्म विधानसभा सचिव देवेंद्र वर्मा के समक्ष प्रस्तुत किए। और किसी प्रत्याशी के पर्चा न भरने की वजह से वोटिंग की नौबत नहीं आएगी। दोनों निर्विरोध चुन लिए गए हैं। उनकी जीत की घोषणा 31 जनवरी को दोपहर तीन बजे प्रमाणपत्र देने के साथ कर दी जाएगी।
सीएम ने जताई उम्मीद
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने वोरा और रणविजय दोनों को ही बधाई दी। उन्होंने कहा कि वोरा प्रदेश के वरिष्ठतम नेता हैं। रणविजय भी काफी अनुभवी हैं। दोनों ही प्रदेश की भलाई के लिए दिल्ली में आवाज उठाएंगे ऐसी उम्मीद है।
ट्रेन की जरूरत - रणविजय
जूदेव ने कहा कि वे प्रदेश से संबंधित समस्याओं को राज्यसभा में उठाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य में रेल सुविधाओं के विस्तार की जरूरत है। पार्टी ने उन्हें जो मौका दिया उससे वे खुश हैं और गर्व महसूस कर रहे हैं।
भरोसा कायम रखूंगा - वोरा
वोरा ने कहा कि उन्हें उम्मीदवार बनाकर पार्टी ने जो भरोसा जताया है वे उसेे बनाए रखेंगे। सत्य निष्ठा व ईमानदारी के साथ यहां की समस्याओं के लिए राज्यसभा में आवाज उठाएंगे।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.