पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Young Man, Killed, Knife, Wedding, Crowd

शादी की भीड़ में चाकू गोदकर युवक को मार डाला

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रायपुर. खमतराई के आरवीएच कॉलोनी में शनिवार रात शादी पार्टी के दौरान भीड़ के सामने युवक की हत्या कर दी गई। मृतक और आरोपियों का भोजन को लेकर विवाद हुआ था। इस बात से नाराज होकर आरोपियों ने उसकी पिटाई कर चाकू घोंपकर मार डाला। उस वक्त वहां दर्जनों लोग मौजूद थे, लेकिन किसी ने भी पुलिस को बुलाने या बीच-बचाव करने की हिम्मत नहीं दिखाई।
खमतराई पुलिस के मुताबिक, शंकर जानी के पड़ोस में शादी की पार्टी चल रही थी। वह अपनी बहन प्रेमशीला के साथ वहां मेहमानों को भोजन परोस रहा था। तभी वहां ललित सोनी अपने पांच अन्य साथियों के साथ आया। उसने अपनी बाइक खड़ी की, तभी शंकर ने उन्हें खाने को कहा। इस पर ललित भड़क उठा। उसने कहा कि तेरे घर की शादी नहीं है, तू क्यों पूछ रहा है। शंकर ने भी ऊंची आवाज में बोल दिया।
शोर-शराबा सुन ललित के पांचों दोस्त आरोपी कालिया विभार, किंग कुम्हार, लक्ष्मण तांडी, रिक्की सोनी और एक अन्य वहां आ गए। उन्होंने शंकर को घेरकर उसकी पिटाई शुरू कर दी। ललित ने जेब से चाकू निकाला और शंकर के पेट और सीने में कई वार कर दिए। घटनास्थल पर ही शंकर की मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी वहां से भाग निकले। उसके बाद पुलिस घटनास्थल पहुंची और सारी रात पेट्रोलिंग कर पांच आरोपियों को दबोच लिया।
एक अज्ञात आरोपी फरार है, उसकी तलाश की जा रही है।
फिल्मी स्टाइल में झगड़ा
खमतराई में जिस जगह पर झगड़ा हुआ, वहां आरोपियों की सरेआम गुंडागर्दी चलती है। इससे पहले भी आरोपी मारपीट की घटना कर चुके हैं। शादी की पार्टी में आने से पहले आरोपियों ने जमकर शराब पी थी। उसके बाद दो ने नाइट्रोटेन की गोलियां भी खाई। इसके बाद आरोपी वहां पहुंचे।
शाम से शादी वाले घर में मेहनत कर रहे शंकर अपनी बहन व दोस्तों के साथ लोगों को खाना खिला रहा था। झगड़ा शुरू हुआ तो पूरा माहौल फिल्मी सीन जैसा था। सब तमाशा देख रहे थे। ललित ने उसे जब चाकू से घोंपा तो तीन लड़के उसे पकड़े हुए थे। फिर वो वहां से भाग खड़े हुए लेकिन किसी ने न तो झगड़ा रुकवाया और न ही शंकर की मदद की।