खेत में आहता बनाकर शराब बिक्री, एक गिरफ्तार, दूसरा फरार
डोंगरगांव इलाके में खेत में आहता बनाकर शराब की अवैध बिक्री करने की शिकायतें पर पुलिस ने कार्रवाई की। इसमें एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। वहीं उसके मकान से 25 हजार रुपए की शराब जब्त की। इस मामले में शराब तस्करी का आरोप फरार बताया गया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। डोंगरगांव इलाके में लगातार शराब की अवैध बिक्री की शिकायतें आ रही थी। इस पर पुलिस ने कार्रवाई की।
एएसपी शशिमोहन सिंह ने बताया कि देर शाम सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम ने रतनभांठ के खेत में दबिश दी। यहां आहता बनाकर लोगों को शराब पिलाई जा रही थी पुलिस टीम को देखते ही वहां अफरातफरी मच गई। पुलिस ने यहां से डिपरापारा निवासी सोहन पिता सुखुराम निषाद को गिरफ्तार किया। पता चला कि पास में ही आरोपी का घर है। वहां तलाशी ली गई। वहां से पुलिस ने 11 पेटी शराब जब्त की। कीमत 25 हजार रुपए है। पूछताछ में पता चला कि सोहन निषाद व बंटी खत्री उर्फ बशीर मिलकर शराब की बिक्री करते थे। पुलिस अब बशीर की तलाश कर रही है। डोंगरगढ़, डोंगरगांव व अन्य हिस्सों में शराब की अवैध बिक्री की शिकायतें आ रही हैं। आबकारी विभाग सुस्त है।