उद्योग खराब कर रहे सड़क
रायगढ़.शुक्रवार कोकलेक्टर की अनुपस्थिति में अपर कलेक्टर को जिलाधीश मुकेश बंसल के नाम ज्ञापन सौंपते हुए 10 गांवों के ग्रामीणों ने अपर कलेक्टर श्याम धावड़े से कहा कि 7 उद्योगों की वजह से साहब सड़क चलने लायक नहीं बची है। इससे ग्रामीणों को आने जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है या तो सड़क बनवा दो या फिर उद्योगों में चलने वाले अवैध भारी वाहनों पर कार्रवाई करो। कलेक्टर के नाम भगोरा, तिलगा, विजयपुर, संबलपुरी, जामगांव, टारपाली, कोटमार सहित अन्य गांवों के सैकड़ों ग्रामीण महिलाएं समेत ग्रामीणों ने एडीएम को ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि रायगढ़ पूर्वी क्षेत्र में पिछले 8, 10 सालों से जामगांव स्थित एमएसपी पॉवर प्लांट, एंड एग्रो, मां मंगला इस्पात, मां मणि इस्पात, शिव शक्ति और शांकबरी इस्पात सहित अन्य उद्योग स्थापित है।
इन उद्योगों में भारी वाहनों की आवाजाही रोजाना सैकड़ों की संख्या में होती है। इन वाहनों में ओवर लोड होेने की वजह से सड़क जर्जर हो चुकी है, जिसके कारण डेढ़ दर्जन से भी अधिक गांवों के ग्रामीणों को आने जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर मरीजों को अधिक परेशानी हाे रही है। मरीज की स्थिति गंभीर होने के बावजूद शासन की आकस्मिक चिकित्सा सेवा सुविधा संजीवनी 108 का उपयोग ग्रामीण नहीं कर पा रहे हैं। मरीजों को वाहनों में इलाज के लिए अस्पताल लाने की मजबूरी होती है।