एसएमएस से भी हो सकता है पंजीयन
गैसकार्ड से आधार नंबर को लिंक कराने के लिए अब गैस एजेंसियों के घंटों चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। सस्ती गैस लेने के लिए पेट्रोलियम कंपनियों ने उपभोक्ताओं के लिए एसएमएस से पंजीयन कराने की भी सुविधा दी है, लेकिन शहर में प्रचार प्रसार के अभाव में लोग एजेंसियों में कतार लगा कर पसीना बहा रहे हैं। सब्सिडी युक्त गैस लेने के लिए आधार कार्डधारी उपभोक्ता अब घर बैठे एसएमएस के जरिए भी पंजीयन करा सकते हैं। एजेंसियों में लगने वाली भीड़ से बचने के लिए तेल कंपनियों ने टॉल फ्री नंबर के बाद अब एसएमएस से गैस कार्ड लिंक करने की व्यवस्था दी है। इसमें आधार कार्ड धारी हितग्राही मोबाइल पर यूआईडी टाइप कर आधार कार्ड नंबर लिखकर कंपनी के टोल फ्री नंबर पर सेंड करेगा। इसके कुछ समय बाद गैस यूजर्स के मोबाइल पर मैसेज आएगा और इसके साथ ही उपभोक्ता का आधार नंबर गैस कार्ड से लिंक हो जाएगा। ऐसे में गैस एजेंसियों में घंटों लाइन लगाने के झंझट से लोगों को मुक्ति मिल जाएगी लेकिन इसे बैंक खाते से जोड़ने के लिए आपको फार्म नंबर 1 भरकर संबंधित बैंक की शाखा में जमा करना होगा। इसके बाद 1 जनवरी से उपभोक्ताओं की सब्सिडी की राशि उनके बैंक खाते में पहुंच जाएगी। उदाहरण के लिए शहर में 14.2 किलोग्राम बिना सब्सिडी वाले गैस सिलेंडर का बाजार मूल्य अभी 834 रुपए है लेकिन सब्सिडी युक्त गैस के लिए 421 रुपए लिए जा रहे हैं। जनवरी से गैस बुक करते ही उपभोक्ता के बैंक खातेे में डिफरेंस की राशि 413 रुपए पहले जमा हो जाएगी और इसके बाद गैस लेते समय उपभोक्ता को पूरे 834 रुपए देने होंगे।
लाइन से बचने के विकल्प
एजेंसियों की लंबी कतार से बचने के और भी विकल्प हैं।टॉल फ्री नंबर 18002333555 पर फोन कर गैस उपभोक्ता अपने आधार कार्ड और बैंक खाते को भी सब्सिडी के लिए लिंक करा सकते हैं। वहीं माई एलपीजी डॉट इन तथा आरएएसएफ डॉट यूआइडीएआइ डॉट जीओवी डॉट इन पर जाकर भी घर बैठे ही सब्सिडी युक्त गैस के लिए आवेदन कर सकते हैं।