स्पर्धा में जशपुर की टीम नहीं हुई शामिल
नटवरस्कूल में आयोजित जोन स्तरीय नेहरु विज्ञान मेला में केवल रायगढ़ की टीमें भाग ले पाई। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए जशपुर जिलाे से एक भी टीम नहीं पहुंची। इसकी जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भी तीन ब्लाक की टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में कम टीमों के हिस्सा लेने का कारण बेस लाइन सर्वे परीक्षा को बताया जा रहा है, जिसे इन दिनों हाई एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में नौवीं के छात्र दिला रहे हैं।
सीएम ने इस सत्र को शिक्षा गुणवत्ता वर्ष घोषित किया है। शासकीय स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के कई प्रयास किए जा रहे हैं। पर सही प्लानिंग नहीं होने से इसका लाभ छात्रों को मिलता नहीं दिखता। इसका एक उदाहरण नटवर स्कूल में 9 से12 सितंबर तक आयोजित जिला और जोन स्तरीय जवाहर लाल नेहरू विज्ञान मेला में नजर आया। विज्ञान मेले की जिला स्तरीय स्पर्धा में केवल तीन ब्लाक रायगढ़, खरसिया और तमनार के स्कूलों की टीमों ने हिस्सा लिया। स्पर्धा में जिले के शेष पांच ब्लाक से एक भी भी छात्र ने हिस्सा नहीं लिया। यही हाल शुक्रवार को हुई जोन स्तरीय स्पर्धा का रहा, जिसमें जशपुर जिले से एक भी छात्र हिस्सा लेने नहीं पहुंचा। अब 28 से 31 अक्टूबर तक रायपुर में होने वाली राज्य स्तरीय स्पर्धा में रायगढ़ की टीमें ही हिस्सा लेंगी। इस स्पर्धा की विजेता नई दिल्ली में राष्ट्रीय स्तर की स्पर्धा में हिस्सा लेंगे।