रायगढ़। मंगलवार की देर रात महिला सिपाही की हत्या होने के बाद गुरुवार को बिलासपुर रेंज के अाईजी पवन देव रायगढ़ पहुंचे। वे पुलिस अधिकारियों के साथ घटनास्थल पहुंचे और बारीकी से निरीक्षण किया। वहीं उन्होंने शाम को एसपी, सीएसपी थानेदारों की बैठक ली। इस दौरान आईजी ने थानेदारों की क्लास लेते हुए जिले में बढ़ रही आपराधिक घटनाओं पर नकेल कसने के लिए कहा। आईजी ने महिला आरक्षक की हत्या के आरोपी को जल्द पकड़ने के निर्देश भी दिए। अपुष्ट जानकारी के मुताबिक महिला आरक्षक की हत्या मामले में पुलिस ने दो संदेहियों को हिरासत में लिया है।
उल्लेखनीय है कि कोतवाली में पदस्थ महिला कांस्टेबल ज्योति पटेल की मंगलवार की देर रात निर्ममता से हत्या कर दी गई थी। सुबह उसके घर से ही लाश के साथ हत्या में इस्तेमाल किए गए सामान बरामद किए। पुलिस ने बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद अहम खुलासे की बात कही थी लेकिन आज इस संबंध में कोई औपचारिक जानकारी नहीं मिल सकी। वैसे अस्पताल के सूत्रों ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद पता चला है कि ज्योति की हत्या पहले गला दबा कर की गई और फिर पंहसूल से उसकी गर्दन को काटा गया।
साथ ही हत्यारे ने लोढ़े से उसके सिर माथे पर कई वार किए थे। अनाचार हुआ या नहीं इस संबंध में जानकारी गोपनीय रखी गई है। क्राइम सीन को देखने वाले कुछ जानकारों के मुताबिक हत्यारे को किसी ने ज्योति पटेल के घर पर छोड़ा होगा या फिर वो थोड़ी दूर पैदल चल कर आया होगा। कल पड़ोस के कुछ लोगों ने ज्योति के घर पर किसी के आने की जानकारी नहीं होने की बात की थी। हत्या में इस्तेमाल किया गया सामान घरेलू था, मतलब हत्या सुनियोजित नहीं थी। वारदात का देर रात होना बताया गया है, इससे पुलिस को संदेह है कि कोई परिचित ही ज्योति के साथ घर पर मौजूद होगा। किसी झगड़े या भविष्य में कोई बड़ी मुसीबत से बचने के लिए आरोपी ने इस तरह का कदम उठाया होगा। हत्या के बाद ज्योति की ही स्कूटी लेकर भागना भी हत्या के सुनियोजित नहीं होने की तरफ संकेत करता है।
''आईजी साहब ने बैठक लेकर जांच के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए है। पीएम रिपोर्ट नहीं मिली है। साथ ही इस मामले में कोई सुराग भी अब तक हाथ नहीं लगा है। इस मामले की गुत्थी जल्द ही सुलझा ली जाएगी।'' सत्येंद्रपांडेय, सीएसपी
हत्या की वजह क्या : पुुलिस ज्योति की हत्या के पीछे दो कारण देख रही है। पहला प्रेम प्रसंग और दूसरा संपत्ति। ज्योति पटेल अपने माता पिता की दो बेटियों में छोटी थी। बड़ी बहन की शादी हो गई है। बताया गया है कि एनटीपीसी भूमि अधिग्रहण में ज्योति के परिवार के स्वामित्व की लाखों रुपए की जमीन का अर्जन हुआ है। रिश्तेदारों में जलन इस हत्या का कारण हो सकती है। वहीं प्रेम प्रसंग को भी पुलिस ने अपने जेहन में रखा है। पुलिस ने हालांकि दो लोगों को हिरासत में लिए जाने की बात औपचारिक रूप से नहीं स्वीकारी है लेकिन दोनो ही संदेही ज्योति के नजदीकी लोग बताए गए हैं।
प्रेम प्रसंग या संपत्ति हो सकती है वजह
फाॅलोअप भास्कर : 18 सितंबर को प्रकाशित खबर।