(गुस्साएं ग्रामीणों ने ट्रक के शीशें फोड़ दिए।)
रायगढ़। तमनार मार्ग पर ग्राम सलिहा भांठा पेट्रोल पंप के नजदीक आज दोपहर तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आकर एक महिला समेत दो बाइक सवारों की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग पर सड़क जाम की। देर शाम तक पुलिस के साथ ही तमनार तहसीलदार मुआवजे की मांग पर चक्काजाम कर रहे लोगों को समझाते रहे।
जानकारी के मुताबिक मूलतःबिहार का रहने वाला जेपीएल कर्मचारी डब्लू सिंह उम्र 23 वर्ष अपनी परिचित की एक महिला सीतापुर निवासी सेरो मिंज उम्र 25 वर्ष को अपनी बाइक पर बैठा कर पूंजीपथरा से तमनार जा रहा था। दोपहर लगभग 4.30 बजे दोनों जब ग्राम सलिहाभांठा स्थित पेट्रोल पंप के सामने से गुजर रहे थे। इसी दौरान पूंजीपथरा से तमनार की ओर ही जा रहे ट्रेलर क्रमांक सीजी 04 जेबी 7732 ने बाइक सवारों को पीछे से टक्कर मार दी। ट्रेलर की टक्कर से डब्लू सिंह सह सवार महिला बाइक के साथ दूर जा गिरा।
सड़क पर गिरे दोनों बाइक सवारों को ट्रेलर ने कुचल दिया जिससे दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ड्राइवर ट्रेलर को मौके पर छोड़ कर फरार हो गया। डब्लू सिंह की जेब में उसका वोटर आईडी कार्ड था जिसके कारण उसकी पहचान हो सकी। दुर्घटना की सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिस पहुंची और मृतकों के परिजन को हादसे की खबर दे दी गई। दुर्घटना की खबर जैसे ही लोगों तक पहुंची बड़ी संख्या में लोग वहां एकत्र हुए और परिजन के लिए मुआवजे की मांग करने लगे। लोगों ने थोड़ी देर तक सड़क पर यातायात रोक दिया।
तमनार थाना प्रभारी, पूंजीपथरा थाना प्रभारी विवेकानंद, एएसआई भैरो मिश्रा पुलिस स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे। लोगों को समझाइश देने के बाद भी जब बात नहीं बनी तो तमनार तहसीलदार पांडेय भी वहां पहुंचे और उन्होंने मुआवजे की मांग पर चक्काजाम कर रहे लोगों को समझाया। मृतकों के परिजन 10-10 लाख रुपए के मुआवजे की मांग कर रहे थे लेकिन बात नहीं बन पाई थी। बहरहाल पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ धारा 304 के तहत मामला पंजीबद्ध कर मामले की जांच शुरू कर दी है। समाचार लिखे जाने तक ग्रामीणों का चक्काजाम जारी था।