- Hindi News
- कारखानों, प्रतिष्ठानों में विराजे देवशिल्पी
कारखानों, प्रतिष्ठानों में विराजे देवशिल्पी
रायगढ़|भगवान विश्वकर्माकी जयंती जिंदल स्टील एंड पावर लिमिटेड में धूमधाम से मनाई गई। जेएसपीएल के कार्यपालन निदेशक पंकज गौतम ने प्लांट में विश्वकर्मा पूजा की। उन्होंने संयंत्र में तैयार होने वाले उत्पादों और जिंदल समूह से जुड़ी तस्वीरों की एक प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया। जेएसपीएल के सेंट्रल वर्कशॉप में देवशिल्पी की प्रतिमा की स्थापना की गई। एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर पंकज गौतम ने भगवान विश्वकर्मा की पूजा की। एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर राकेश कुमार एवं प्रेसिडेंट निर्मलेंदु पुरोहित ने भी हवन-पूजन किया।
इनमें बड़ी संख्या पतरापाली, किरोड़ीमल नगर, गोरखा, भगवानपुर, खैरपुर, कोसमपाली, उच्चभट्टी, गोदामडीपा, धनागर, कलमी सहित आसपास के ग्रामीणों की थी। भगवान के दर्शन कर उन्होंने प्रसाद ग्रहण किया। सेंट्रल गैरेज के सामने रायगढ़ संयंत्र में तैयार होने वाले उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई थी। प्लांट पहुंचने वाले लोगों के मनोरंजन के लिए पुराने क्लब हाउस के मैदान में आर्केस्ट्रा डांस का भी कार्यक्रम रखा गया था। आर्केस्ट्रा की टीम ने एक से बढ़कर एक गीत गाकर समां बांध दिया। भगवान विश्वकर्मा जयंती पर जेएसपीएल मुख्य संयंत्र के अलावा पूंजीपथरा स्थित स्ट्रक्चरल स्टील डिवीजन में भी हवन-पूजन किया गया।
मोनेट प्रांगण में हुई विश्वकर्मा की आराधना
रायगढ़नहरपाली स्थित मोनेट इस्पात एंड एनर्जी लिमिटेड के प्रांगण में बुधवार की सुबह भक्तिमय माहौल में देवशिल्पी भगवान श्री विश्वकर्मा की प्रतिमा स्थापित कर विधि पूर्वक पूजा की गई। देव आव्हान के साथ प्रतिमा का अनावरण किया गया। संयंत्र के मुख्य संचालन अधिकारी आशुतोष चरण एवं अन्य अधिकारी कर्मचारियों की मौजूदगी में मुरली मनोहर धाम के मुख्य पंडित रामकिशोर तिवारी के मंत्रोच्चारण से मोनेट परिसर गुंजायमान रहा। भक्तिमय माहौल के बीच वहां उपस्थित लोगों ने हवन में शामिल होकर आहुति दी।
अंत में प्रसाद वितरण किया गया।