- Hindi News
- स्कूलों में साइंस टीचर कम, कैसे आएगी शिक्षा में गुणवत्ता
स्कूलों में साइंस टीचर कम, कैसे आएगी शिक्षा में गुणवत्ता
जिलापंचायत समिति की बैठक में जिले के हाईस्कूल एवं हायर सेकंडरी स्कूलों में विज्ञान शिक्षकों की कमी पर सदस्यों ने चिंता जताई। जिला पंचायत अध्यक्ष कृष्णा रविन्द्र पटेल की अध्यक्षता में जिला पंचायत के सभाकक्ष में हुई बैठक में जिले के स्कूलों में अध्ययन-अध्यापन के स्तर में सुधार लाने के साथ ही शिक्षा गुणवत्ता को बेहतर बनाने पर विचार-विमर्श किया गया। जिले के हाईस्कूल एवं हायर सेकंडरी स्कूलों में विज्ञान शिक्षकों की कमी पर भी समिति के सदस्यों ने चिंता जताते हुए प्रशासन से उचित पहल करने पर जोर दिया। इस पर जिला पंचायत सीईओ ने बीईओ को विज्ञान शिक्षक विहीन शालाओं की सूची तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
शालाओं में मूलभूत सुविधा को लेकर भी बैठक में चर्चा की गई। बीईओ ने बताया कि स्कूलों में टायलेट बनाए गए है, परंतु साफ-सफाई के व्यवस्था के लिए रनिंग वाटर सप्लाई होने के कारण दिक्कत हो रही है। बीईओ को इसकी भी जानकारी तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि टायलेट में रनिंग वाटर सप्लाई की व्यवस्था की जा सके। बैठक में शिक्षक संवर्ग के युक्तियुक्तकरण के आदेश का प्रतिवेदन बीईओ से दो दिवस के भीतर मांगा गया एवं इस संबंध में मिली शिकायतों की जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए। सीईओ ने बताया कि चालू शिक्षा सत्र को शैक्षणिक गुणवत्ता वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। स्कूलों की नियमित करने के साथ ही मध्याह्न भोजन, गणवेश वितरण, छात्रवृत्ति, शिक्षकों की उपस्थिति तथा अध्ययन-अध्यापन के स्तर में सुधार लाने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए जिला स्तरीय अधिकारियों को कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं। अनुपस्थित शिक्षकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के साथ ही जनपद स्तरीय शिक्षा समिति, शाला प्रबंधन और विकास समिति की बैठकें नियमित रूप से कराकर पालन प्रतिवेदन भिजवाने के निर्देश भी बीईओ को दिए गए। माध्यमिक शिक्षा मंडल की परीक्षा में प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्त करने वाले स्टूडेंट्स सहित 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की सूची भी उपलब्ध कराने के निर्देश खण्ड शिक्षा अधिकारियों को दिए गए। बैठक में जिला पंचायत सदस्य दिलीप पांडेय एवं प्रकाश नायक सहित सहायक आयुक्त आदिवासी विकास सीएल जायसवाल एवं समस्त बीईओ एवं बीआरसी उपस्थित थे।