सीसीएम की फटकार के बाद एईएन ने कराई पानी टंकियों की सफाई
भास्कर
इम्पैक्ट
रेलवे कॉलोनी की बदहाल पानी टंकियों की अनदेखी पर फटकार लगने के बाद एईएन ने मंगलवार को पानी टंकियों की सफाई कराई। इसकी शिकायत दैनिक भास्कर की टीम ने अधिकारियों से की थी। जिसे गंभीरता से लेते हुए निरीक्षण पर पहुंचे अधिकारियों ने तत्काल प्रभाव से संबंधित अधिकारियों को टंकियों की सफाई और बेहतर प्रबंधन के निर्देश दिए गए।
जिसके दूसरे दिन सहायक मंडल अभियंता समीर माथुर ने डेढ़ घंटे सप्लाई रोक कर गंभीरता से पानी टंकियों की सफाई कराई। इस दौरान प्लेटफार्म से लेकर रेलवे कॉलोनी तक पानी सप्लाई प्रभावित रही। हालां कि विभाग ने इसकी सूचना पहले से लोगों को दे रखी थी। जिसके चलते उन्हें कोई परेशानी नहीं हुई। उल्लेखनीय है कि रेलवे कॉलोनी में कर्मचारियों के घरों में पानी की आपूर्ति आईओडब्ल्यू स्थित मुख्य पानी टंकी से की जाती है। इतना ही नहीं प्लेटफार्म में भी इन्हीं टंकी से पानी की आपूर्ति होती है। पिछले कुछ दिनों से टंकी का ढक्कन टूट जाने के बाद बंदरों का आंतक मचा हुआ था, वे पानी पीने के साथ-साथ टंकियों में डुबकियां लगाते थे और यही पानी कॉलोनियों की घराें और प्लेटफार्म में सप्लाई किए जाते थे। जिसकी शिकायत सोमवार को आए छह सदस्यीय टीम के सीसीएम जीएस मीणा से की गई। शिकायत सुनते ही उन्होंने एईएन को फटकार लगाते हुए तत्काल टंकियों की सफाई कराने के निर्देश दिए। जिसके बाद कहीं जाकर टंकियों की सफाई हो सकी है। यदि समय पर पानी टंकियों की सफाई नहीं होती तो आने वाले दिनों में कर्मचारियों के साथ-साथ यात्रियों के स्वास्थ्य पर बुरा प्रभाव पड़ सकता था। बहरहाल टंकियों की सफाई के बाद यह खतरा अब टल गया है।