अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ से बाइक चोरी कर ओडिशा में खपाते थे।
भास्कर न्यूज | रायगढ़
क्राइम ब्रांच ने बाइक चोरों के एक अंतरराज्यीय गिरोह काे दबोचने में कामयाबी पाई है। छत्तीसगढ़ से बाइक चोरी कर ओडिशा में खपाने वाले गैंग के कब्जे से अब तक 50 से भी अधिक बाइक जब्त कर लिए गए है, साथ ही अाधा दर्जन आरोपियों को भी हिरासत में ले लिया गया है। इस मामले में अभी भी पुलिस की जांच जारी है। हालांकि इस बात की पुष्टि पुलिस ने नहीं की है। मामले का खुलासा जल्द ही प्रेस कांफ्रेंस में किया जाएगा। इसके लिए तैयारी की जा रही है।
पड़ोसी प्रांत की सरहदी सीमाओं से सटे गांवों में रहकर रायगढ़ समेत दूसरे जिलों की बाइक को चुराकर उसे ओडिशा के बरगढ़, संबलपुर, झारसुगड़ा जैसे क्षेत्रों में खपाने वाले गैंग की वजह से ही शहर में लगातार बाइक चोरी होने का मामला सामने आ रहा था। सूत्रों पर अगर गौर फरमाएं तो अधिकांश बाइक शहर से चुराई गई है, जिसमें सुभाष चौक, स्टेशन चौक, सत्तीगुड़ी चौक के अलावा ढिमरापुर, चक्रधरनगर इलाकों से उठाई गई है। इस गैंग में ओडिशा के अलावा प्रदेश के लोग भी शामिल है, जो बाइक चुराने के बाद एक हाथ से दूसरे हाथ तक पहुंचाने में मदद करते थे। हालांकि अब तक पुलिस की जांच पूर्ण नहीं हुई है, जिसके चलते अभी भी आरोपियों को दबोचने से लेकर बाइक जब्त करने का सिलसिला चल रहा है।
गिरोह से पूछताछ के बाद लगातार जब्त होने वाले बाइक की संख्या तो बढ़ रही है, साथ ही आरोपियों की संख्या में भी इजाफा हो रहा है। इसी वजह से क्राइम ब्रांच जांच पूर्ण होने के बाद ही पूरे मामले को प्रेस कांफ्रेंस में खुलासा करेगी। इसके लिए गुरूवार या शुक्रवार का दिन तय किया जा सकता है।
दो दिनों के भीतर
होगा खुलासा
पहले हो चुकी है कार्रवाई
क्राइम ब्रांच द्वारा इससे पहले भी सौ से भी अधिक बाइक चुराने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया जा चुका है। हालांकि इस बार आंकड़ा जरूर कम है, लेकिन चोरों के इस शातिर गैंग के दबोचे जाने के बाद बाइक चोरी की घटना में कुछ हद तक कमी आने की संभावनाएं है।