जमीन विवाद को लेकर बंधक बनाकर भाई से कराया जबरिया हस्ताक्षर
रायगढ़ | जमीन विवाद को लेकर अपने बड़े भाई को दो दिनों तक बंधक बनाकर जबरन जमीन के कागजात पर हस्ताक्षर कराने का मामला सामने अाया है। घटना धरमजयगढ़ थाना की है। पुलिस के मुताबिक प्रेमनगर कालोनी के रहने वाले शंकर हलदार पिता ललित हलदार उम्र 61 वर्ष और रंजीत हलदार दोनों सगे भाई है। पिछले लंबे समय से दोनों के बीच जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चला आ रहा था। चूंकि बड़ा भाई दो महीने से मलकानगिरि अपने निजी कार्य के सिलसिले में गया था। पिछले 3 फरवरी को ही वह अपने एक रिश्तेदार के साथ बस से घर जा रहे थे। इसी दौरान बीच रास्ते पर मिले उसके छोटे भाई ने मिल गया, जो उसे जमीन दिखाने के नाम ले गया। बाद में वे दोनों तपन ढाबा चले गए, जहां एक कमरे में अपने भाई को बंद करते हुए उसे बाहर निकलने पर जान से मारने की धमकी दी। दो दिनों तक बंधक बनाने के बाद रंजीत ने दबाव पूर्वक जमीन के कागजात पर हस्ताक्षर करा लिए। बहरहाल अपने बड़े भाई को बंधक रखने के मामले में पुलिस ने जुर्म दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।