पेंशनधारी गरीब महिलाओं के नाम राशनकार्ड से काटे, सौंपा ज्ञापन
रायगढ़ | अपात्रों को गरीबी रेखा में शामिल करते हुए पात्रता रखने वाले गरीबों के राशनकार्ड थोक के भाव में काटे जा रहे हैं। एक ऐसा ही मामला सामने आया है, जिसमें धरमजयगढ़ क्षेत्र के लात पंचायत में दर्जनों पेंशनधारी महिलाओं के नाम राशन कार्ड सूची से काट दिया गया है। पीड़ित महिलाओं ने मामले की शिकायत कलेक्टर से की है। मुख्यमंत्री खाद्यान्न योजना के अंतर्गत आने वाले हितग्राहियों को बीपीएल सूची में होना अनिवार्य किया गया है। पात्रता रखने वाले ग्रामीणों को शासन पेंशन से लेकर सहकारी दुकानों में राशन मुहैया कराती है। बावजूद उसके इस मामले में लात ग्राम पंचायत की गरीब महिलाएं अभागी साबित हो रही है। सूची में शामिल होने के कारण उन्हें वृद्धा पेंशन तो मिल रहा है, लेकिन राशन देने के मामले में उन्हें गरीब नहीं माना जा रहा है। रोजी मजदूरी के जरिए अपना पेट भरने वाली इन महिलाओं की स्थिति राशन नहीं मिलने से काफी दयनीय हो गई है। खास बात तो यह है कि उन्होंने अपनी पीड़ा अपने सरपंच और सचिव से भी की थी, लेकिन उनके द्वारा पल्ला झाड़ लेने से अब पूरी उम्मीद कलेक्टर पर जा टिकी है। यही वजह है कि महिलाओं ने 50 किलोमीटर से भी अधिक फासला तय करते हुए राशन दिलाने की गुहार लगाई है।