पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • आयकर जमा कर देश के विकास में योगदान दें : लाहिड़ी

आयकर जमा कर देश के विकास में योगदान दें : लाहिड़ी

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
समयपर टैक्स पटाना केवल आयकर कानून की पालना करना है, बल्कि वह देश के विकास में आपका बहुमूल्य योगदान है। आयकर से देश में कई विकासोन्मुख योजनाएं चलती हैं।

यह बात आयकर परिक्षेत्र एक के संयुक्त आयकर आयुक्त डी लाहिड़ी ने रायगढ़ में अग्रिम कर के लिए आयोजित एक सभा के दौरान कही। उन्होंने कहा कि कर संग्रहण के तीन तरीके है, जिसमें अग्रिम कर, स्वयं कर निर्धारण और स्त्रोत पर कर कटौती इन तीन माध्यमों से कुल संग्रहण में से कर वापसी यानि रिफंड के बाद जो शुद्ध कर संग्रहण बचता है, वो देश के विकास में लगता है। परंतु यह देखा जा रहा है कि देय आयकर को करदाता तय तिथि तिथी में जमा करने के बजाय वर्ष के खत्म हो जाने पर कर विवरणी दाखिल करने से पहले ब्याज सहित पटाते हैं, जबकि यदि समय पर टैक्स पटा दिया जाए तो लगने वाले ब्याज से बचा जा सकता है। उन्होंने कहा कि रायगढ़, कोरबा और अंबिकापुर को विभाग द्वारा हमेशा ही ऋणात्मक राजस्व के लिए जाना जाता रहा है। यानि जो राजस्व आता है उससे कहीं अधिक खर्च हो जाता है।

एक समय था, जब कुछ कार्यालय बंद करने की बातें भी शासन द्वारा सोची जा रही थी, परंतु पिछले वर्ष पहली बार रायगढ़ ने धनात्मक कर संग्रहण दिया जो कि गौरव की बात है। कंपनी करदाता के आंकड़े 80 प्रतिशत कम और व्यक्तिगत करदाता के आंकड़े 20 प्रतिशत कम कर संग्रहण के साथ खड़े है, जबकि टर्न ओवर बढा है। छत्तीसगढ़ ने विकास किया है। जीवन शैली बढ़ी है, महंगाई दर कम हुई है परंतु टैक्स कलेक्शन का टारगेट कम हो रहा है। उन्होंने कहा कि समय पर आयकर पटाने से वह आंकड़़े बजट निर्माण में महती भूमिका निभाते है। इस अवसर पर आयकर निरीक्षक मिंटू चक्रवर्ती, एम पी केरकेट्टा चेंबर अध्यक्ष राजेन्द्र अग्रवाल, प्रदेश मंत्री राजेश अग्रवाल, डॉ. एएम गुप्ता, डॉ. काकोली पटनायक, सुरेश अग्रवाल अशोक अग्रवाल खरसिया सहित बड़ी संख्या में करदाता उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन आयकर निरीक्षक विनोद चौधरी ने किया।

आयकर की जानकारी देने की गई कार्यशाला में उपस्थित व्यवसायी।