- Hindi News
- पोरथ की जानकारी नहीं देने पर पर्यटन मंडल ने जताई नाराजगी
पोरथ की जानकारी नहीं देने पर पर्यटन मंडल ने जताई नाराजगी
प्रशासन ने अब तक पर्यटन विभाग को नहीं भेजी है रिपोर्ट
भास्करन्यूज | रायगढ़
करीबचार महीने पहले सरिया पोरथ को पर्यटन स्थल बनाने की मांग ग्रामीणों ने की थी। इस पर छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल द्वारा सात बिंदुओं पर जानकारी मांगी गई थी, लेकिन जानकारी नहीं भेजे जाने के बाद नाराजगी व्यक्त करते हुए जल्द से जल्द जानकारी मांगी है। संभावना है कि मकर संक्रांति के लिए प्रसिद्ध पोरथ को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा सके। बरमकेला ब्लाक के सरिया से करीब 4 किमी दूर स्थित पोरथ में धूमधाम से मकर संक्रांति का आयोजन किया जाता है।
नदी किनारे बसे पोरथ के इस ऐतिहासिक मेले में दूर दराज से पड़ोसी प्रांत ओडिशा से भी भारी संख्या में लोग पहुंचते है। पोरथ सप्त ऋषियों के आश्रम के लिए भी प्रसिद्ध है। लोगों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए यहां पिछले कई सालों से ग्रामीणों के द्वारा पोरथ को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की मांग की जा रही है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ साथ सांसद और विधायक से भी मांग की गई थी। ग्रामीणों ने पोरथ में बच्चों के लिए झूलने की व्यवस्था, सड़क बनाने की मांग, रेस्ट हाउस सहित अन्य निर्माण कार्य कर पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की मांग रखी थी।
इस पर छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल द्वारा करीब तीन महीने पहले सात बिंदुओं पर जानकारी मांगी थी, पर उसे अब तक जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई है।