गैस कार्ड से घर बैठे होगा सिलेंडर का भुगतान
घरेलू गैस सिलेंडर के लिए अब केवल कैश भुगतान का ही विकल्प नहीं होगा। ग्राहक अपने डेबिट-क्रेडिट कार्ड से भी सिलेंडर की रकम का भुगतान कर सकेंगे। छत्तीसगढ़ में ऐसा पहली बार होगा जब लोगों को सिलेंडर के भुगतान के लिए इलेक्ट्रॉनिक मनी का विकल्प दिया जा रहा है। छत्तीसगढ़ में इस योजना की शुरुआत राजधानी से की जा रही है।
तीनों पेट्रोलियम कंपनियों की ओर से कार्ड भुगतान के लिए सभी गैस एजेंसियों को स्वाइप मशीन दे दी गई है। मशीन में एक खास तरह की चिप होगी। उसी चिप में गैस एजेंसियों के ग्राहकों की पूरी जानकारी होगी। मशीन में कार्ड स्वैप करते ही सिलेंडर की कीमत का भुगतान हो जाएगा। पेट्रोलियम कंपनियों की ओेर से ग्राहकों की सुविधा के लिए गैस कार्ड भी बनाए जाएंगे। यह एक प्रीपेड कार्ड की तरह होगा, जिसमें एडवांस रकम जमा की जा सकेगी। इससे घर पर कैश नहीं होने पर भी उसी गैस कार्ड से सिलेंडर का भुगतान हो जाएगा। अफसरों का दावा है कि नए वित्तीय वर्ष यानी मार्च के बाद से सभी ग्राहकों को गैस कार्ड जारी कर दिए जाएंगे। कार्ड में एक खास तरह की मैग्नेटिक स्ट्रिप होगी।
जिसमें ग्राहक की सभी जानकारी होगी। उसके नाम-पते के साथ ही खाते में जाने वाली सब्सिडी रकम और एक साल में कितने सिलेंडर लिए इन सभी का ब्योरा अपलोड होगा। गैस कार्ड का उपयोग केवल रकम के भुगतान के लिए ही नहीं बल्कि एजेंसियों में जानकारी के लिए भी होगा।
होम डिलिवरी होने पर ऐसे कर सकेंगे भुगतान
गैस कार्ड बनने के बाद होम डिलिवरी होने पर डिलीवरी ब्वॉय आपको स्वाइप मशीन देगा। इसमें कार्ड को स्वाइप कराना होगा, फिर उसी मशीन में पासवर्ड डालना होगा। यह प्रक्रिया ठीक उसी तरह की होगी जैसे खरीदी के बाद एटीएम कार्ड से भुगतान किया जाता है। कार्ड स्वाइप होने के बाद मशीन से दो रशीद मिलेगी। एक ग्राहक को दी जाएगी, दूसरी एजेंसी में जमा की जाएगी। यही मशीन गैस एजेंसियों में भी होगी, जहां रुपए नहीं होने पर कार्ड से भुगतान किया जा सकेगा।