एनएच के लिए चोरी का मुरूम, 1 लाख का जुर्माना
3 ठेका कंपनियों पर अब तक खनिज विभाग ने जुर्माना लगा कार्रवाई की है।
भास्कर न्यूज | रायगढ़
नेशनल हाइवे के लिए चोरी का मुरूम खपाने की शिकायतें थमने का नाम नहीं ले रही है। बीते दो महीने में इस एनएच के लिए करीब आधा दर्जन ऐसी शिकायतें मिली हैं और उनमें से 3 ठेका कंपनियों पर अब तक खनिज विभाग ने जुर्माना ठोककर कार्रवाई की है।
रायगढ़ सराइपाली नेशनल हाइवे में अवैध रूप से मुरूम का इस्तेमाल किए जाने के बाद खनिज विभाग ने ठेकेदार पर कार्रवाई की है। एनएच के लिए काम कर रही ठेका कंपनी एरा कंस्ट्रक्शन के साथ काम कर रहे ठेकेदार कौशिक साहू द्वारा ग्रामीणों के खेतों में अवैध रूप से उत्खनन करने की शिकायत विभाग को मिली थी और जब माइनिंग टीम ने मौके पर जाकर जांच की तो पता चला कि एनएच में मुरूम सप्लाई करने वाले इस ठेकेदार ने ग्रामीणों से बिना किसी सहमति के ही अवैध रूप से खुदाई कर दी है और इसके लिए ना तो किसी प्रक्रिया का पालन किया गया और ना ही खनिज विभाग को इसकी सूचना दी गई।
जिससे इसे अवैध उत्खनन का केस मानकर खनिज विभाग ने ठेकेदार पर दंडात्मक कार्रवाई की है और 5000 घनमीटर मुरूम की अवैध खनन पर 1 लाख रुपए का जुर्माना ठोका है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी एनएच के लिए कई बार अवैध रूप से मुरूम की सप्लाई करने के आरोप लगे हैं और खनिज विभाग ने भी अब तक कुल 3 लोगों पर अवैध उत्खनन का केस बनाकर जुर्माना लगाया है लेकिन उसके बाद भी एनएच के लिए चोरी का मुरूम खपाने की शिकायत कम नहीं हो रही है।