कमतरा में 24 कुंडीय गायत्री महायज्ञ संपन्न, कलश यात्रा में जुटीं महिलाएं
रायगढ़ | शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान गायत्री परिवार द्वारा ग्राम कमतरा में चार दिवसीय 24 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया गया। कलश यात्रा में लगभग 700 महिला एवं पुरुष नवाचार के साथ नृत्य शैली में नजर आए। गायत्री परिवार के जिला समन्वयक बंशीधर पटेल ने बताया कि सुबह को ध्यान, साधना, योग के बाद 24 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ देव आहवान, देवपूजन, वैदिक मंत्रो द्वारा यज्ञ संपन्न किया गया। इसके बाद प्रज्ञा पुराण कथा का महत्व, उद्देश्य एवं देवर्षि नारद-विष्णु संवाद का वर्णन किया गया। यज्ञोपवीत संस्कार में गजानन चौहान, नंदकिशोर चौहान, योगेश चौहान, बालकृष्ण सहित कुल 21 लोगों ने भाग लिया। यज्ञ में घरघोड़ा शक्तिपीठ के ट्रस्टी शिव कुमार शर्मा एवं घरघोड़ा नगर पंचायत सदस्य आशा देवी उपस्थित थे। इस अवसर पर 100 महिला-पुरूषों ने नशामुक्ति का संकल्प लिया। यज्ञोपवीत संस्कार में 21, गुरू दीक्षा में 100 महिला-पुरुष, अन्न प्रासन्न संस्कार में 2, मुंडन संस्कार में 12 तथा भानु कुमार का नामकरण किया गया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर विधायक लालजीत सिंह राठिया उपस्थित थे। राठिया ने इस अवसर पर सामुदायिक भवन निर्माण के लिए भूमिपूजन किया। इस दौरान बनवारी लाल यादव, घरघोड़ा के चिंतामणी बेहरा, शिव कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।