- Hindi News
- लक्ष्य पूरा करने दो शिफ्ट में रात 11 बजे तक किसानों का होगा पंजीयन
लक्ष्य पूरा करने दो शिफ्ट में रात 11 बजे तक किसानों का होगा पंजीयन
रायगढ़|समर्थन मूल्यपर धान खरीदी के पहले किसानों के पंजीयन का लक्ष्य पूरा करने के लिए जिला प्रशासन ने दो शिफ्ट में रात 11 बजे तक पंजीयन करने का निर्णय लिया है। पंजीयन पहली शिफ्ट में सुबह 10 से शाम 5 बजे और दूसरी शिफ्ट में शाम 5 से रात 11 बजे तक समिति के ऑपरेटर द्वारा किया जाएगा। जिले में धीमी गति से चल रहे पंजीयन को देखते हुए लक्ष्य को पूरा करने दो शिफ्ट में रजिस्ट्रेशन कराने का निर्णय लिया गया है।
जिले के करीब 55 हजार किसानों का पंजीयन 30 सितंबर तक किया जाना है। पिछले 1 सितंबर से काम शुरू हुआ है। पहले 10 दिन जहां महज 35 किसानों का ही पंजीयन हो पाया तोे वहीं 15 सितंबर तक 1600 किसानों का ही रजिस्ट्रेशन हो सका है। ऐसे में पखवाड़े भर में रोज डेढ़ हजार किसानों का पंजीयन पूरा करने के लिए दो शिफ्ट में काम किया जा रहा है। पंजीकृत किसान ही अपना धान समर्थन मूल्य पर बेच सकेंगे।
जानकारों की मानें तो प्रचार प्रसार में कमी की वजह से किसानों का पंजीयन का कार्य बहुत धीमी गति से चल रहा है, लेकिन लक्ष्य को पूरा करने के लिए अब शासन प्रचार प्रसार करने के साथ-साथ समिति प्रबंधकों के माध्यम से गांव में किसानों तक सूचना पहुंचाई जा रही है। विभाग का दावा है कि समय रहते पंजीयन का काम पूरा हो जाएगा।
^कलेक्टर ने पंजीयन का काम दो चरणों में समय पर पूरा करने के निर्देश दिए हैं। 1600 किसानों का पंजीयन हो चुका है। बसंतकुमार, उपपंजीयक