पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • बेटी शिक्षाकर्मी, इसलिए सचिव नहीं दे रहा राशन

बेटी शिक्षाकर्मी, इसलिए सचिव नहीं दे रहा राशन

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रायगढ़। पुटकापुरी में नीले राशनकार्ड धारक का नाम सूची में शामिल होने के बावजूद ग्राम सचिव उसे पीडीएस स्कीम के तहत राशन नहीं दे रहा है। पीड़ित ने पिछले कई महीनों से राशन नहीं मिलने की शिकायत जब कलेक्टर से की तो उन्होंने खाद्य विभाग को जांचकर समस्या के निराकरण का आदेश दिया। इसके बाद फूड इंस्पेक्टर ने फोन पर सचिव से बात करते हुए राशनकार्डधारी को राशन देने का फरमान सुनाया। इसके बाद भी उसे राशन नहीं दिया जा रहा है।
चर्चा करने पर ग्राम सचिव ने बताया कि राशन कार्डधारक की बेटी शिक्षाकर्मी है और अपने माता-पिता के साथ रहती है ऐसे में उसे राशन नहीं दिया जा सकता है। फूड इंस्पेक्टर के निर्देश पर उसने कहा कि जब तक उसे लिखित में आदेश नहीं मिलता तब तक वह उक्त शिकायतकर्ता को राशन नहीं दे सकता है। सचिव कहता है कि फूड आफिसर का क्या है, अगर कभी जांच होगी तो अपात्र को राशन देने पर कार्रवाई उस पर होगी।
रायगढ़ ब्लाक के ग्राम पंचायत पुटकापुरी निवासी श्याम शर्मा पति रामभरोस शर्मा नीला रंग राशन कार्ड क्रमांक 41020214600735 का हितग्राही है। उक्त हितग्राही ने कलेक्टर से शिकायत करते हुए बताया है कि सितंबर माह के आवंटन में उसका नाम अंकित है। ग्राम पंचायत के सचिव शैलेंद्र गोयल द्वारा सत्यापन अभियान के दौरान उसका सत्यापन करने के लिए कार्ड रख लिया था। जिसे आज तक पीड़ित को वापस नहीं किया और मई महीने से उसे राशन भी नहीं दिया जा रहा है। राशन नहीं मिलने से उसे आर्थिक एवं मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सीधी बात : शैलेंद्र गोयल, सचिव,पुटकापुरी

Q. हितग्राही की बेटी शिक्षाकर्मी है तो फिर राशन कार्ड कैसे नहीं कटा।
जवाब.सत्यापन के दौरान कट गया था।
Q.ताे फिर वर्तमान सूची में नाम कैसे शामिल है।
जवाब.मुझे नहीं पता, उनका नाम कहां से जुड़ा।
Q.इस तरह के मामले पंचायत में और भी होंगे।
जवाब.हां करीब छह लोग इस तरह के है जिनके परिवार का कोई कोई सदस्य शिक्षाकर्मी है और राशन कार्ड हितग्राही बने हुए हैं।
Q. एक हितग्राही का नाम राशन कार्ड सूची में है फिर उसे राशन क्यों नहीं दिया जा रहा है।
जवाब.उसकी बेटी शिक्षाकर्मी है, इसलिए उस परिवार को राशन वितरण नहीं करूंगा।
Q.. आपको फूड इंस्पेक्टर ने मौखिक आदेश दिया है।
जवाब.मौखिक आदेश देने से कुछ नहीं होता, जब तक मुझे लिखित में नहीं मिल जाता। राशन वितरण नहीं करूंगा।
Q.अधिकारियों के आदेश नाम होने के बाद भी राशन क्यों नहीं देंगे।
जवाब.मुझे लिखित में नहीं मिलेगा तब तक नहीं करूंगा। क्योंकि जब जांच होगी तो कार्रवाई मुझ पर होगी।
कोई कुछ भी कहे, लिखित आदेश मिलने पर ही दूंगा राशन
राशन कार्ड पर बवाल|पीड़ित ने कलेक्टर से की शिकायत, खाद्य निरीक्षक ने दिए मौखिक निर्देश ।