- Hindi News
- हाईकोर्ट का स्टे, पाइप बिछाने के लिए पीएचई अब तोड़ेगी गौरव पथ को
हाईकोर्ट का स्टे, पाइप बिछाने के लिए पीएचई अब तोड़ेगी गौरव पथ को
रायगढ़| जलआवर्धन योजना में जूटमिल के पास हाई कोर्ट के स्टे के कारण अटके प्रोजेक्ट की बाधाएं दूर करने के लिए अब पाइपलाइन को डायवर्ट कर ले जाया जाएगा और शहर की प्यास बुझाने के लिए गौरवपथ को तोड़कर उसके नीचे से पाइपलाइन बिछाई जाएगी। शहर की जल आवर्धन योजना में न्यायालयीन प्रक्रिया के कारण हो रही देर के बाद अब पीएचई विभाग ने दूसरा तरीका ढूंढ निकाला है। जूटमिल के पास रिलेक्स होटल के नजदीक आकर पाइपलाइन अटकी हुई थी। इंटेक वेल से इस जोन में बिछाई जाने वाली पाइपलाइन के लिए इस होटल में तोड़फोड़ की जानी थी, लेकिन हाई कोर्ट ने व्यवसायी की अपील पर फैसला देते हुए हाई कोर्ट ने इस पर रोक लगा दी थी इससे 2 सालों से मामला अटका हुआ था।
अब पीएचई के इंजीनियरों ने पाइपलाइन के लिए दूसरी ड्राइंग डिजाइन बनाकर इसे डायवर्ट कर ले जाने का प्लान बनाया है। इसके लिए जूटमिल में बने गौरवपथ को तोड़कर उसके नीचेे से पाइपलाइन डाली जाएगी। गौरवपथ में संभावित तोड़फोड़ के लिए निगम द्वारा मंजूरी नहीं दी जा रही थी लेकिन प्रशासन के निर्देश पर निगम भी इसके लिए सहमत हो गया है और रिलैक्स होटल के पास अटकी पाइप लाइन को आगे बढ़ाने के लिए रास्ता भी साफ हो गया है।
उल्लेखनीय है कि 4 सालों से निर्माणाधीन इस योजना में शहर में कुल 90 लाख लिटर पानी भंडारण की क्षमता वाली 5 टंकियों से पानी सप्लाई होनी है और इसमें से जूटमिल जोन की ही पानी टंकी ही बनकर तैयार नहीं हो सकी है। विभाग के मुताबिक भी इसे दिसम्बर माह तक पूर्ण करने का दावा किया जा रहा है।