आधार एंट्री में दूसरे नंबर पहुंचा रायगढ़
खाद्य विभाग ने राशन कार्ड में आधार एंट्री में मारी बाजी।
भास्कर न्यूज | रायगढ़
खाद्य विभाग ने राशन कार्ड में आधार की एंट्री में इस बार बाजी मार ली है। बीते 8 महीनों में आधार सीडिंग के लिए विभाग ने जितना काम किया था। उतने ही आधार नंबर की एंट्री का काम महीने भर में ही करके रायगढ़ जिला प्रदेश में आधार सीडिंग के मामले में 15 वें से दूसरे नंबर पहुंच गया है।
पीडीएस में केरोसीन एवं दूसरे मदों में कैश सब्सिडी बांटने के लिए एवं हितग्राहियों का दोहराव रोकने के लिए खाद्य विभाग आधार लींकेज का काम कर रहा है। इसके लिए अप्रैल महीने से पीडीएस में आधार सीडिंग का काम शुरू किया गया है। राशनकार्ड में दर्ज सदस्यों के आधार नंबर लेकर शहरी इलाकों में नगरीय निकाय एवं ग्रामीण इलाकों में जनपद पंचायतों ने पीडीएस में आधार के लिए ऑऩलाइन एंट्री करने का काम शुरू किया था लेकिन खाद्य विभाग द्वारा रूचि नहीं लेने के कारण काम आगे नहीं बढ़ पा रहा था । दिसंबर महीने में वीडियो कांफ्रेंसिंग से सीएस की फटकार के बाद खाद्य विभाग भी जागा और पीडीएस में आधार लींकेज का काम पूरा करने के लिए एडी चोटी का जोर लगाया। यही कारण है कि केवल महीने भर के भीतर ही 8 महीनों जितना काम हो चुका है। दिसंबर महीने के अंत में रायगढ़ जिला आधार सीडिंग के लिए 15 वें नंबर पर था और जिले में करीब 5 लाख लोगों के आधार की ही एंट्री हो सकी थी । वहीं प्रतिशत के हिसाब से देखा जाए तो पहले जहां करीब 40 प्रतिशत आधार सीडिंग का ही काम हो सका था तो महीने भर की मेहनत के बाद यह आंकड़ा तकरीबन दोगुना हो गया है। पीडीएस के ऑऩलाइन साफ्टवेयर में दर्ज एंट्री के हिसाब से रायगढ़ जिले में करीब 78 .88 प्रतिशत सदस्याें के आधार की एंट्री की। और इसके साथ ही रायगढ़ जिला प्रदेश में धमतरी के बाद दूसरे नंबर पर आ गया है। जिले में 3 लाख 79747 राशनकार्ड में कुल 12 लाख 32858 सदस्य हैं। इनमें से अब तक कुल 9 लाख 28379 सदस्यों के आधार सीडिंग का काम पूरा कर लिया गया है।
पीडीएस में आधार सीडिंग का फायदा
जानकारों के मुताबिक आधार सीडिंग के बाद एक व्यक्ति के नाम पर एक से अधिक ग्राम पंचायतों में बने राशन कार्डों एवं फर्जी हितग्राहियों की संख्या में कमी आएगी। आधार नंबर के यूनिक होने की वजह से यह फर्जीवाड़ा रुकेगा। परिवार के सभी सदस्यों के आधार की एंट्री होने के कारण जालसाज चाहकर भी अलग अलग मुखिया के नाम पर बने राशन कार्डों में फैमिली मेंबर के नाम नहीं जुड़वा सकेंगे और सरकार का सब्सिडी बोझ भी कम होगा।
पीडीएस के लिए आधार सीडिंग के लिए अभी प्रक्रिया जारी है। जिले में करीब 79 प्रतिशत लोगों के अाधार सीडिंग का काम हो चुका है और प्रदेश में धमतरी के बाद रायगढ़ जिला दूसरे नंबर पर आ गया है। चितरंजन सिंह, फूड इंस्पेक्टर