रायगढ़| बेटी से मिलने रायगढ़ रहे वृद्ध पिता को गलत ट्रेन में चढ़ना महंगा पड़ गया। जब ट्रेन स्टेशन पर नहीं रुकी तो वृद्ध ने प्लेटफार्म पर छलांग मार दी। अनियंत्रित होकर गिरने से वृद्ध के सर पर अंदरूनी चोट आई जिससे करीब वह आधे घंटे बेहोश हो गया। जीआरपी ने उसे आनन फानन में इलाज के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।
बिलासपुर पंजाबी कॉलोनी निवासी 65 वर्षीय मुंशीराम ने रविवार को रायगढ़ आने के लिए दरभंगा एक्सप्रेस ट्रेन में बैठा। उसे ट्रेन की रायगढ़ स्टेशन पर स्टापेज नहीं होने की बिलकुल जानकारी नहीं थी। जैसे ही ट्रेन करीब पांच बजे रायगढ़ स्टेशन से निकल रही थी। ठीक उसी दौरान वह चलती ट्रेन से कूद गया। जिससे अनियंत्रित होकर प्लेटफार्म पर गिरने से उसे अंदरूनी चोटें आई और वह बेहोश हो गया। वहीं प्लेटफार्म पर खड़े अन्य मुसाफिरों ने इसकी सूचना रेल कर्मचारी जीआरपी को दी, जिस पर मौके पर पहुंची पुलिस के जवानों ने उसे पानी डालकर उठाने का प्रयास किया, लेकिन वह बेहोशी की हालत में था। किसी तरह उसे होश आया तो वह दर्द से कराह रहा था। बाद में उसे इलाज के लिए सेठ किरोड़ीमल जिला अस्पताल भेजा गया।
(प्लेटफार्म पर बेहोश पड़ा यात्री।)