रायगढ़। 71 लापताओं में से शेष बचे 14 नाबालिगों को ढूंढने के लिए फिर से एसपी राहुल भगत की गठित टीम ढूंढने निकलेगी। इस बार पुलिस जवान दूसरे राज्यों का भी रूख करेंगे। रविवार की दोपहर पुलिस कंट्रोल रूम में एएसपी प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने लापता बच्चों को ढूंढने के लिए बनी टीम की बैठक लेकर जल्द से जल्द ढूंढ निकालने के अलावा उन्होंने कुछ आवश्यक दिशा निर्देश देते हुए जल्द से जल्द टीमों को रवाना होने के निर्देश दिए हैं। पिछले चौदह साल से लापता 71 नाबालिगों को पुलिस ढूंढ रही है।
इसके लिए पिछले महीने गृह विभाग के निर्देश पर एसपी राहुल भगत ने 30 सदस्यों की 13 टीम गठित करते हुए दिल्ली,
जम्मू, हरियाणा, बिहार, यूपी, झारखंड सहित अन्य राज्यों में रवाना किया गया था। जहां पुलिस टीम के द्वारा 71 में से 57 को बरामद कर लिया। इसमें से 56 सही सलामत पाए गए तो एक की हत्या हो जाना पाया गया था। इन्हें ढूंढने के लिए राज्य शासन ने 5 दिसंबर तक का समय दिया था। अल्टीमेटम समाप्त हो जाने पर एसपी की गठित टीम वापस लौट आई थी और ताजा रिपोर्ट पीएचक्यू को भेज दिया गया था। अब दोबारा शेष बचे नाबालिगों को ढूंढने का फरमान ऊपर से आया है। इस बार कोई टाइम लिमिट नहीं रखा गया है, लेकिन जल्द से जल्द ढूंढ निकालने का निर्देश हैं।
लापता नाबालिगों का लोकेशन भले ही उन्हीं राज्यों में मिल रहा है। जहां पुलिस टीम सर्चिंग कर चुकी है। बावजूद इसके इस बार अन्य राज्यों में भी इनकी तलाश की जाएगी।
''71 में से 57 लापता नाबालिगों को ढूंढ लिया गया है। शेष बचे 14 के लिए दोबारा पुलिस पार्टी रवाना होगी। इस बार कोई टाइम लिमिट नहीं है। फिर भी जल्द से जल्द ढूंढने के लिए कहा गया है।'''
प्रफुल्ल कुमार ठाकुर, एएसपी।