\"बची हुई दुकानों की नीलामी हो\'
रायगढ़| स्टेशनरोड स्थित दुकानों को सड़क चौड़ीकरण के लिये हटाने के उद्देश्य से पुराने शिक्षा कार्यालय के स्थान पर बने कांप्लेक्स में सभी हितग्राहियों को दुकानें आवंटित कर दी गई है। इसके बाद भी 15 दुकानें ग्राउंड फ्लोर, ऊपर की मंजिल में अतिशेष दुकान और ऑफिस परिसरों की नीलामी अतिशीघ्र करने की मांग छ.ग. चेंबर ऑफ कामर्स ने की है। चेंबर अध्यक्ष राजेन्द्र अग्रवाल, महामंत्री हीरा मोटवानी, प्रदेश उपाध्यक्ष नंद किशोर अग्रवाल प्रदेश मंत्री राजेश अग्रवाल, उपाध्यक्ष बजरंग अग्रवाल, सचिव रामलाल अग्रवाल ने कहा कि नगर में व्यापारियों की ओर से लगातार दुकानों की मांग की जाती रही है।
छोटे एवं मझोले दुकानदार निजी व्यवसायिक कांप्लेक्स की दुकानें खरीदने में असमर्थ होते हैं उन्हें व्यापार बढ़ाने के लिए बाजार के भीतर दुकानेंं नहीं मिल पाती। इसके कारण उन्हें पगड़ी एवं किराए पर दुकाने लेनी पड़ती हैं। जबकि वे निगम की दुकानें लेने के लिए इंतजार में रहते हैं। चेंबर अध्यक्ष ने कहा कि किसी भी स्थिति में बची हुई दुकानें तो पीछे के दरवाजे से आवंटित की जाए और ही टेबल के नीचे से अगर एेसा होता है तो चेंबर इसका पुरजोर विरोध करेगा।