- Hindi News
- राहगीरों को लूटने वाले तीन बदमाश पुलिस की गिरफ्त में
राहगीरों को लूटने वाले तीन बदमाश पुलिस की गिरफ्त में
रविवारकी रात केलो ब्रिज गोगा राइस मिल के पास डरा धमका कर पैसे मांगने और नहीं मिलने पर मोबाइल, बाइक एटीएम कार्ड को रख कर पैसे की मांग करने और नहीं देने पर जान से जाने की धमकी देने वाले तीन लुटेरों को जूटमिल चौकी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ धारा 384, 385, 386, 323, 34 के तहत जुर्म दर्ज किया है। आरोपी पुलिस अभिरक्षा में है। मंगलवार को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा जाएगा।
चौकी प्रभारी अमित पाटले ने बताया कि रविवार को सरिया थाना क्षेत्र के लुकापारा निवासी बोधराम भोई पिता शत्रु भोई 32 वर्ष रायगढ़ आया हुआ था और जेलपारा में रहने वाली अपने साली के साथ बाजार से कुछ खरीददारी करने के बाद उसे रात साढ़े 10 बजे उसके किराए के मकान में छोड़ कर घर जा रहा था। जहां केलो ब्रिज के आखिरी छोर पर तीन युवक खड़े थे, यहां आरोपियों ने उसका रास्ता रोक कर पैसों की मांग की। इसी बीच उमेश निषाद नामक एक और युवक भी वहां से गुजर रहा था। आरोपियों ने उसका भी रास्ता रोका और पैसे मांगने लगे। जब दोनों ने कहा कि जेब में पैसा नहीं है, एटीएम से निकालना पड़ेगा। तब आरोपी दोनों को एटीएम के पास ले गए और जितने भी पैसे खाते में है उसे निकाल कर देने के लिए कहा। इसी बीच पीड़ितों ने अपना गलत पासवर्ड डाला। लिहाजा पैसे नहीं निकले। इसके बाद आरोपियों ने दोनों के वाहन, मोबाइल एटीएम कार्ड को रख लिया और पैसे लाकर सामान ले जाने नहीं तो जान से जाने की धमकी दी। पीड़ितों ने इसकी शिकायत चौकी पुलिस से की। पीड़ितों के बताए हुलिए पर पुलिस ने उनकी खोजबीन शुरू की तो पता चला कि आरोपी कोई और नहीं, बल्कि विश्वासगढ़ निवासी सद्दाम हुसैन पिता अली अकबर 21 वर्ष, मौदहापारा निवासी नवाज अली उर्फ जान पिता जुम्मन अली 23 वर्ष और प्रकाश दास महंत पिता लाल साय 22 वर्ष जेलपारा हैं। लिहाजा तीनों आरोपियों को सोमवार को जूटमिल चौकी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
शातिर अपराधी है प्रकाश दास
चौकीप्रभारी श्री पाटले ने बताया कि इन तीनों आरोपियों में प्रकाश दास महंत शातिर बदमाश है। उसके खिलाफ पूर्व में ही लूट, छेड़छाड़ चोरी जैसे संगीन अपराध दर्ज हैं। यह बदमाश पुलिस से अक्सर बच जाता है लेकिन इस बार वह पुलिस को छकाने में सफल नहीं हो सका और गिरफ्तार कर लिया गया।