पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • समिति गठन में छात्रों ने प्राचार्य पर लगाया मनमानी का आरोप

समिति गठन में छात्रों ने प्राचार्य पर लगाया मनमानी का आरोप

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
छात्रसंघ के चुनाव के लगभग महीने भर बाद ही राजनीति शुरू हो गई। किरोड़ीमल कला विज्ञान महाविद्यालय (डिग्री कॉलेज) के अध्यक्ष शिव राठिया के दर्जनों समर्थकों ने आज प्राचार्य पर मनमानी का आरोप लगाते हुए कलेक्टर को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा और कॉलेज कैंपस में सांकेतिक रूप से लगभग दो घंटे का धरना दिया। स्टूडेंट्स प्राचार्य पर कॉलेज में विभिन्न समितियों के गठन में उनकी अनदेखी का आरोप लगा रहे हैं।

सोमवार की दोपहर डिग्री कॉलेज के दर्जनों स्टूडेंट्स ने कलेक्टोरेट पहुंच कर कलेक्टर मुकेश बंसल को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। नवनिर्वाचित छात्र संघ अध्यक्ष शिव राठिया के नेतृत्व में पहुंचे विद्यार्थियों ने अपने ज्ञापन में आरोप लगाया है कि महाविद्यालय में गठित की जाने वाली विभिन्न समितियों के गठन में प्राचार्य अतुल श्रीवास्तव ने उनकी अनदेखी की है। प्राचार्य उनकी मर्जी के बगैर कुछ लोगों को समितियों में संयोजक बनाना चाहते हैं और इसके लिए शिव राठिया पर हस्ताक्षर करने का दबाव बनाया जा रहा है। दरअसल छात्र संघ चुनाव के बाद कालेज में आधा दर्जन से ज्यादा समितियों का गठन किया जाना है जिसमें सांस्कृतिक समिति महत्वपूर्ण है। इसके साथ ही अन्य समितियों के गठन में प्राचार्य एबीवीपी और भारतीय जनता पार्टी के युवा नेताओं की रूचि का ज्यादा ध्यान रख रहे हैं। कलेक्टर से मिलने पहुंचे विद्यार्थियों ने प्राचार्य की मनमानी पर तत्काल लगाम लगाए जाने की मांग की है। इसके बाद दोपहर को ही डिग्री कॉलेज परिसर में स्टूडेंट्स प्राचार्य की मनमानी के खिलाफ धरने पर बैठे। छात्र संघ अध्यक्ष शिव राठिया ने कहा कि जब प्राचार्य को मनमानी ही करना है और दूसरे दलों के लोगों को खुश करना है तो आखिर छात्र संघ चुनाव कराने का मतलब ही क्या है। शिव राठिया ने कहा कि वे समितियों के संयोजकों के रूप में प्रस्तावित नामों का विरोध करेंगे।