रायगढ़। बोंदा आसपास के ग्रामीण प्राचार्य की करतूतों मनमानी से ही परेशान नहीं है, बल्कि इसी स्कूल के एक शिक्षक पर छात्राओं से
मोबाइल पर छेड़खानी किए जाने की बातें भी सामने आई हैं। बोंदा प्राचार्य की अधिक फीस वसूली छात्रवृत्ति राशि गबन करने की शिकायत के साथ ही छेड़खानी मामले की जांच एसडीएम द्वारा गठित टीम कर रही है। जांच टीम इस पूरे मामले में गोपनीयता बरतते हुए जांच कर रही है। आलाधिकारियों का कहना है कि जल्द ही रिपोर्ट आएगी जिसके बाद दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।
बरमकेला ब्लाक के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बोंदा के प्राचार्य रामभरोस पटेल पर स्कूल के छात्रों ने एडमिशन फीस अधिक लेने के साथ ही पिछले वर्ष 3 लाख रुपए की छात्रवृत्ति राशि का गबन करने का आरोप भी लगाया है। इस मामले की शिकायत कलेक्टर मुकेश बंसल और एसडीएम सारंगढ़ नीलेश कुमार क्षीरसागर से की गई है। अधिकारियों ने इसकी जांच के लिए बरमकेला बीईओ के नेतृत्व में एक जांच टीम का गठन किया है।
सूत्रों की मानें तो प्राचार्य की कारगुजारियों की जांच करने वाली टीम इसी स्कूल के एक शिक्षक द्वारा छात्राओं से मोबाइल पर अश्लील हरकते करने की भी जांच कर रही है। मोबाइल पर छेड़छाड़ का खुलासा एक पालक द्वारा प्रशासनिक अधिकारी से शिकायत किए जाने के बाद सामने आया था। शिक्षक की इस हरकत से पालक गणों में खासी नाराजगी है और प्राचार्य के साथ साथ शिक्षक पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि प्राचार्य और छेड़छाड़ करने वाले शिक्षक पर कार्रवाई नहीं की गई तो आने वाले दिनों में वे आंदोलन भी करेंगे।
11 -12 सितंबर को छपी खबर।