पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • महिला आरक्षक की स्कूटी मिली

महिला आरक्षक की स्कूटी मिली

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रायगढ़। पुलिस लाइन में 17 सितंबर की रात महिला आरक्षक ज्योति पटेल की हत्या के बाद संदिग्ध द्वारा चोरी की गई स्कूटी 23 सितंबर की रात रामलीला मैदान स्थित एक अखबार के दफ्तर के नजदीक खड़ी पाई गई। सूचना मिलने के बाद शाम को पुलिस ने मौके पर पहुंच कर वाहन को सील कर दिया। रात लगभग 12 बजे पुलिस के अधिकारी डॉग स्क्वायड बुला कर तफ्तीश की तैयारी में लगे थे। गौरतलब है कि महिला आरक्षक की हत्या के बाद आरोपी ने मृतका की स्कूटी, मोबाइल कुछ जेवरात भी पार किए थे।
पुलिस इस मामले में लगातार जांच में लगी हुई है। इसी बीच मंगलवार की रात पुलिस को रामलीला मैदान पर स्कूटी खड़ी होने की जानकारी मिली। पुलिस के अधिकारियों ने तत्काल मौके पर पहुंच कर वाहन को सील किया। वाहन वहां किसने और कब खड़ा किया, इसकी जांच की जा रही है। आसपास के लोगों ने बताया कि यहां सत्तीगुड़ी चौक से फैक्ट्री जाने वाले कर्मचारी अपनी बाइक खड़ी करते हैं।

जानकारोंका मानना है कि वाहन का पता चलने के बाद उसे सील करने के बजाय उस पर दूर से नजर रखी जानी चाहिए थी। एएसपी प्रफुल्ल ठाकुर ने दैनिक भास्कर को बताया कि वाहन को सील करने के बाद डॉग स्क्वायड बुलाया जा रहा है। इसके साथ ही वाहन के अगल-बगल में बाइक खड़ी करने वालों से जानकारी ली जाएगी ताकि पता चल सके कि वाहन यहां कब और किसने छोड़ा।
विश्वस्त सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस लाइन से मुख्य मार्ग पर आते हुए संदिग्ध हत्यारे को वाहन के साथ एक अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज में देखा गया है और पुलिस उसकी पहचान में जुटी हुई है हालांकि पुलिस ने अब तक इस पर औपचारिक रूप से कुछ भी खुलासा नहीं किया है।

(रामलीला मैदान पर खड़ी स्कूटी)