- Hindi News
- हाथियों का दल पहुंचा जुनवानी, ग्रामीण सतर्क
हाथियों का दल पहुंचा जुनवानी, ग्रामीण सतर्क
रायगढ़वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम जुनवानी में एक बार फिर हाथियों का दल पहुंच गया है। इस दल में करीब 14 हाथी बताए जा रहे हैं। हाथियों की धमक से जुनवानी गांव के ग्रामीणों की नींद उड़ गई। अब वे रतजग्गा करके गांव की रखवाली कर रहे हैं।
जुनवानी में हर साल हाथियों का दल पहुंचता है। कई बार किसानों की फसल और संपत्ति को ये भारी नुकसान पहुंचा चुके हैं। ऐसे में सोमवार को हाथियों के दल के पहुंचने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की जहन में पुरानी यादें ताजा हो गई। मौके की नजाकत को देखते हुए उन्होंने इसकी सूचना वन विभाग के संबंधित कर्मचारियों को दी। जिसके बाद विभाग के बीडगार्डों ने सुरक्षा के लिहाज से गांव में मशाल सायरन की व्यवस्था कर सारी रात पहरेदारी करते रहे। ग्रामीणों ने रात दहशत में बिताई। इस संबंधित क्षेत्र के कर्मचारी से मिली जानकारी के अनुसार गांव से करीब 8 किलोमीटर दूर दोपहर को एक दर्जन से अधिक हाथियों का झुंड देखा गया। इसकी सूचना ग्रामीणों ने वन विभाग को दी। फिलहाल विभाग द्वारा सुरक्षा के लिहाज से पूरी तैयारियां कर ली है, ताकि हाथियों के गांव में प्रवेश करते ही ग्रामीणों की सुरक्षा की जा सकें।