- Hindi News
- भाजपा पार्षदों ने अवैध निर्माण को लेकर सभापति को ज्ञापन
भाजपा पार्षदों ने अवैध निर्माण को लेकर सभापति को ज्ञापन
कमला नेहरु उद्यान रेस्टोरेंट के अवैध निर्माण पर रोक लगाने की मांग।
भास्करन्यूज | रायगढ़
कमलानेहरु उद्यान में बिना टेंडर और विभागीय प्रक्रिया के चल रहे भवन निर्माण पर भाजपा पार्षदों ने सोमवार को विरोध जताते हुए सभापति को ज्ञापन सौंपा।
निर्माण कार्य रुकवाने के साथ-साथ उन्होंने अवैध निर्माण के प्रकरण को परिषद में एजेंडा बनाने की भी मांग की है। लिहाजा पार्षदों ने अपनी मांग पूरी नहीं होने पर सभापति सलीम नियारिया से निगम कार्यालय घेरने प्रदर्शन करने की भी चेतावनी दी है। चक्रधर नगर स्थित कमला नेहरु उद्यान निगम की संपत्ति है। इसका वर्तमान में रखरखाव जिंदल स्टील द्वारा किया जा रहा है, लेकिन उद्यान के दूसरे किनारे के बाहरी भाग में मौजूद रेस्टोरेंट संचालक द्वारा बिना किसी कार्यालयीन स्वीकृति और टेंडर के निर्माण कार्य कराया जा रहा है। जिससे उद्यान परिसर में आने वाले लोगों के लिए जगह की कमी हो रही है।
इसकी शिकायत पहले उन्होंने कलेक्टर से भी की जा चुकी है। उल्लेखनीय है, कि निगम के वेष्ठित संपत्ति के स्वरूप के फेर बदल, खरीदी, लीज, किराया, आदि पर देने के पूर्व निगम परिषद की स्वीकृति आवश्यक होती है। मांग करने वालों में पार्षद कौशलेश मिश्रा, नवधागिरी, सुमित्रा खोलू सारथी, मुक्तिनाथ प्रसाद, लालचंद, अशोक यादव सहित अन्य के नाम शामिल हैं।