- Hindi News
- ब्लड कैंसर पीड़ित सागर को मदद देने बढे़ हाथ
ब्लड कैंसर पीड़ित सागर को मदद देने बढे़ हाथ
आर्थिक परेशानी बनी हुई है इलाज में बाधा
भास्करन्यूज | रायगढ़
ब्लडकैंसर से पीड़ित सागर राज सिंह की मदद के लिए महापौर और जेसीआई के सदस्यों ने हाथ आगे बढ़ाया है। इलाज के लिए पैसों की समस्या से जूझ रहे परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर मेयर ने आर्थिक सहयोग करने का आश्वासन दिया है।
पढ़ाई और करियर बनाने की उम्र में ब्लड कैंसर की बीमारी से जूझ रहे युवक की मदद के लिए समाजसेवियों के हाथ आगे बढ़ने लगे है। 4 फरवरी के अंक में दैनिक भास्कर द्वारा बेलादुला निवासी 17 वर्षीय सागर राज सिंह के की बीमारी और उसके परिवार की तंगहाली के संबंध में समाचार प्रकाशित की थी। कैंसर से जूझ रहे सागर के इलाज में अपना सब कुछ दांव पर लगाने वाले पिता शिव सिंह की मदद के लिए अब उनका ही विभाग सबसे पहले जागा है। नगर निगम में चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी के पद पर सेवा देने वाले शिव सिंह एवं उसके पीड़ित पुत्र से मिलकर महापौर मधु ने मदद का भरोसा दिलाया है, वहीं पीड़ित सागर को आर्थिक सहयोग करने गंभीर बीमारी से इलाज करवाने शहर वासियों के हाथ भी आगे बढ़ने लगे हैं।
जूनियर चेंबर ऑफ इंटरनेशनल संगठन के सदस्यों ने पीड़ित के घर पहुंचकर उसके इलाज में हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया है। इसके अलावा उनके द्वारा 51 सौ रुपए नगद राशि दवा खर्च के लिए भी सागर के परिवार वालों को दी गई है।
महापौर और एमआईसी सदस्यों ने कलेक्टर मुकेश बंसल को एक आवेदन देते हुए पीड़ित को शासकीय मद से सहयोग करने की मांग की है। मंगलवार को कैंसर पीड़ित सागर की मदद के लिए किरोड़ीमल नगर से व्यापारियों ने भी मुलाकात कर पीड़ित के परिजनों को आर्थिक मदद करने के लिए वक्त मांगा है और सागर के इलाज के लिए होने वाले खर्च के लिए चंदा एकत्रित कर मदद का भरोसा दिया है।